BIHAR, क्रिकेट

लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट: थंडरबोल्ट ने दबंग को हराकर जीता खिताब

पटना, 8 फरवरी।
लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब इस बार थंडरबोल्ट टीम ने अपने नाम कर लिया। खेमनीचक स्थित श्रीकृष्णा खेल मैदान में खेले गए फाइनल मुकाबले में थंडरबोल्ट ने दबंग को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।


रविवार को हुए निर्णायक मुकाबले में दबंग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन थंडरबोल्ट के गेंदबाजों ने उनकी इस रणनीति को पूरी तरह नाकाम कर दिया। दबंग की पूरी टीम 17.4 ओवर में केवल 97 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। ओपनर आदर्श राज ने 27 रन बनाए, जबकि कप्तान संकु कुमार ने 32 रन की जुझारू पारी खेली। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज प्रभाव नहीं छोड़ सका। टीम को 22 रन अतिरिक्त के रूप में मिले।
थंडरबोल्ट की ओर से विश्वजीत आनंद ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट हासिल किए। वहीं हिमांशु शेखर ने 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।
छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी थंडरबोल्ट ने शुरुआत से ही आत्मविश्वास भरी बल्लेबाजी की। कप्तान साहिल ने नाबाद 29 रन बनाए, श्रेयांश शेखर ने 29 रन का योगदान दिया और आशीष ने 17 रन जोड़े। टीम ने महज 12 ओवर में दो विकेट गंवाकर 99 रन बनाते हुए मुकाबला आसानी से जीत लिया।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सेवानिवृत्त एडिशनल सेक्रेटरी सुरेश पासवान, यूनियन बैंक औरंगाबाद के शाखा प्रबंधक अरविंद कुमार, समाजसेवी दीपमाला गुप्ता तथा नीतू कुमारी ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। अतिथियों का स्वागत नवीन कुमार ने किया, जबकि आभार व्यक्त संतोष तिवारी (संस्थापक, सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन) ने जताया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में फाइनल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार विश्वजीत आनंद को मिला। मैन ऑफ द सीरीज का सम्मान दबंग के संकु कुमार को दिया गया। बेस्ट बैट्समैन का खिताब चेंजर टीम के शौर्य समीर ने जीता। बेस्ट बॉलर का पुरस्कार लायंस के भूषण को मिला। नाइटराइडर्स के करण को बेस्ट फील्डर और दबंग के युगवीर यादव को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर घोषित किया गया।
संक्षिप्त स्कोर:
दबंग: 17.4 ओवर में 97 रन, आदर्श राज 27, संकु कुमार 32, अतिरिक्त 22; विश्वजीत आनंद 4 विकेट, हिमांशु शेखर 3 विकेट
थंडरबोल्ट: 12 ओवर में 2 विकेट पर 99 रन, श्रेयांश शेखर 29, साहिल नाबाद 29, आशीष 17

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *