BIHAR

बिहार की बेटियों का दमखम: महिला कबड्डी लीग ट्रायल में 450 से अधिक खिलाड़ियों की मौजूदगी

पटना, 6 फरवरी। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में 6 फरवरी यानी शुक्रवार को पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में द्वितीय बिहार महिला कबड्डी लीग के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल आयोजित किया गया। इस चयन ट्रायल में पूरे बिहार से 450 से अधिक महिला खिलाड़ियों ने भाग लेकर जबरदस्त उत्साह और प्रतिस्पर्धा का प्रदर्शन किया।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने जानकारी देते हुए बताया कि द्वितीय बिहार महिला कबड्डी लीग का आयोजन 6 से 12 मार्च 2026 तक पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और बिहार कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगी।

450 से अधिक खिलाड़ियों में से 120 का चयन

श्री शंकरण ने बताया कि चयन ट्रायल के माध्यम से 450 से अधिक प्रतिभागी खिलाड़ियों में से 120 प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रशिक्षण शिविर के लिए चुना गया है। चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर 16 फरवरी 2026 से प्रारंभ होगा, जिसमें अनुभवी और कुशल प्रशिक्षकों द्वारा उन्हें प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जाएगा।

[news_related_post]

6 टीमों में बराबरी के आधार पर होगा बंटवारा

प्रशिक्षण शिविर के बाद इन 120 खिलाड़ियों को 6 टीमों में समान क्षमता और गुणवत्ता के आधार पर विभाजित किया जाएगा, ताकि कोई टीम अत्यधिक मजबूत या कमजोर न रहे। प्रत्येक टीम में 14 मुख्य खिलाड़ी और 3 अतिरिक्त खिलाड़ी शामिल होंगे।

महिला कबड्डी के प्रति बढ़ता क्रेज

महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि पिछली महिला कबड्डी लीग की सफलता के बाद लड़कियों में इस प्रतियोगिता के प्रति उत्साह काफी बढ़ा है। यही कारण है कि इस बार चयन ट्रायल में रिकॉर्ड संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया। यह बिहार में महिला कबड्डी के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक सकारात्मक और उत्साहवर्धक संकेत है।

चयन प्रक्रिया में विशेषज्ञों की भूमिका

खिलाड़ियों के चयन के लिए विशेषज्ञ के रूप में हैदराबाद की मंगला देसाई, पटना की अमिता सिंह और मद्य निषेध विभाग, पटना के रमेश कुमार यादव उपस्थित रहे। चयन ट्रायल की सफलता के लिए श्री शंकरण ने बिहार कबड्डी संघ, चयनकर्ताओं और आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

द्वितीय बिहार महिला कबड्डी लीग के सफल आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में अभी से खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *