INDIA, INTERNATIONAL

इलावेनिल वलारिवन का कमाल! एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पर कब्जा

नई दिल्ली:
भारत की चर्चित निशानेबाज इलावेनिल वलारिवन ने एशियन शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया। 26 वर्षीय इलावेनिल ने फाइनल मुकाबले में 252.0 अंक हासिल कर कॉन्टिनेंटल खिताब पर कब्जा जमाया।


तीसरी बार एशियन व्यक्तिगत स्वर्ण
फाइनल के छठे राउंड में निर्णायक बढ़त बनाने के बाद इलावेनिल ने पूरे मुकाबले में नियंत्रण बनाए रखा और अपना तीसरा व्यक्तिगत एशियन खिताब अपने नाम किया। इससे पहले वह वर्ष 2019 में पहली बार एशियन चैंपियन बनी थीं।


जापान को रजत, भारत को कांस्य भी
इस स्पर्धा में जापान की ओलंपियन निशानेबाज मिसाकी नोबाटा ने 251.5 अंकों के साथ रजत पदक जीता। वहीं भारत की मेघना सज्जनार ने 229.5 अंक हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। 32 वर्षीय मेघना के लिए यह उनका पहला एशियन व्यक्तिगत पदक रहा। उन्होंने फाइनल में भारत की ही आर्या बोरसे को पीछे छोड़ा।

[news_related_post]


क्वालिफिकेशन में भी दबदबा
इलावेनिल ने क्वालिफिकेशन राउंड में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 633.7 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। आर्या बोरसे 630.3 अंक के साथ दूसरे और मेघना सज्जनार 628.6 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहीं।


टीम स्पर्धा में भी भारत अव्वल
इलावेनिल वलारिवन, आर्या बोरसे और मेघना सज्जनार की भारतीय टीम ने 1892.6 के संयुक्त स्कोर के साथ टीम इवेंट में भी स्वर्ण पदक जीत लिया। इस मुकाबले में जापान को रजत जबकि कजाकिस्तान को कांस्य से संतोष करना पड़ा।


भारत का पदक आंकड़ा 11 तक पहुंचा
शनिवार को मिले इन तीन पदकों के साथ एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में भारत के कुल पदकों की संख्या 11 हो गई है। अब तक भारतीय निशानेबाज 6 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक जीत चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *