डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में शानदार जीत दर्ज करते हुए अमेरिका को 29 रन से मात दी। कप्तान सूर्यकुमार यादव की दबाव में खेली गई नाबाद 84 रन की बेहतरीन पारी और मोहम्मद सिराज की अगुआई में सटीक गेंदबाजी इस जीत की बड़ी वजह रही।
इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 161 रन बनाए। शुरुआती और मध्यक्रम के बल्लेबाजों के जल्दी आउट होने से टीम मुश्किल में दिख रही थी, लेकिन वानखेड़े स्टेडियम में खेलते हुए सूर्यकुमार यादव ने संयम और आक्रामकता का शानदार संतुलन दिखाया। उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद रहते हुए 10 चौके और 4 छक्के लगाए और पारी को संभाले रखा।
सूर्यकुमार के अलावा तिलक वर्मा ने 25 रन और ईशान किशन ने 20 रन का उपयोगी योगदान दिया। हालांकि बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे, फिर भी भारत सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई और 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी। संजय कृष्णमूर्ति और शुभम रंजने ने 37-37 रन बनाए, जबकि मिलिंद कुमार ने 34 रन जोड़े, लेकिन टीम को जीत तक नहीं ले जा सके।
भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो नई गेंद से अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज ने शानदार शुरुआत दिलाई। जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में अंतिम एकादश में शामिल किए गए सिराज ने 29 रन देकर 3 विकेट झटके और सबसे प्रभावशाली गेंदबाज रहे। उन्होंने दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजने के साथ अंतिम गेंद पर शुभम रंजने का विकेट भी लिया।
अर्शदीप सिंह ने 18 रन देकर 2 विकेट हासिल किए और कप्तान मोनांक पटेल को खाता खोले बिना आउट किया। वरुण चक्रवर्ती ने मिलिंद कुमार को स्टंप आउट कराया, जबकि अक्षर पटेल ने दो अहम विकेट लेकर अमेरिका की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया।
इस जीत के साथ भारत ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। अब भारतीय टीम ग्रुप ए के अपने अगले मुकाबले में 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
टी20 विश्व कप : भारत की विजयी शुरुआत, अमेरिका को 29 रन से हराया
07
Feb