Madhya Pradesh

शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप की विजेता इशिका का विदिशा में ऐतिहासिक स्वागत, तिरंगे से पटा शहर

शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली विदिशा की बेटी इशिका मीना के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब
विदिशा : शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को विश्व विजेता बनाने वाली विदिशा की होनहार बेटी इशिका मीना के नगर आगमन पर शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला। भारतीय शूटिंग बॉल टीम की मुख्य अटैकर रहीं इशिका का व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, खेल प्रेमियों और विद्यालयों द्वारा भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया।


रेलवे स्टेशन पहुंचते ही इशिका ने सर्वप्रथम मां सिद्धेश्वरी दरबार पहुंचकर दर्शन किए। इसके बाद शहर में जगह-जगह बनाए गए स्वागत द्वारों पर नागरिकों ने फूलों की वर्षा कर विजेता बेटी का अभिनंदन किया।
तिरंगा लहराते हुए निकाला गया भव्य जुलूस

इशिका के सम्मान में खुले वाहन में भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें वह तिरंगा लहराते हुए नगरवासियों का अभिवादन करती रहीं। जुलूस में ढोल-नगाड़ों की गूंज, स्कूल बैंड और देशभक्ति गीतों ने माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।


प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा जुलूस
जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ बरईपुरा चौराहा पहुंचा, जहां इशिका की आरती उतारकर मुंह मीठा कराया गया। इस अवसर पर टीम के कोच जितेन्द्र बघेल का भी सम्मान किया गया।
उल्लेखनीय है कि इशिका वर्तमान में बीटीच कॉन्वेंट स्कूल में कोच के रूप में बच्चों को खेल प्रशिक्षण दे रही हैं। वह अब तक 11 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कई उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं। इशिका की इस ऐतिहासिक सफलता से न केवल विदिशा बल्कि पूरे मध्य प्रदेश का नाम रोशन हुआ है।

[news_related_post]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *