पटना, 8 फरवरी।
बीसीसीआई की ओर से आयोजित कर्नल सीके नायडू अंडर-23 ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप का खिताब बिहार ने अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में बिहार ने नागालैंड को पारी और 164 रन से करारी शिकस्त दी। इस शानदार जीत के साथ ही बिहार की टीम ने अगले सत्र में एलीट ग्रुप में खेलने का अधिकार भी हासिल कर लिया।

मोइनुल हक स्टेडियम, पटना में खेले गए निर्णायक मुकाबले में नागालैंड की टीम पहली पारी में 155 रन पर सिमट गई, जबकि दूसरी पारी में वह 163 रन ही बना सकी। जवाब में बिहार ने अपनी पहली पारी में नौ विकेट के नुकसान पर 482 रन बनाकर पारी घोषित की।
बिहार की बल्लेबाजी में नमन गौरव ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए नाबाद 200 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनके अलावा आकाश राज ने 73 रन बनाए, जबकि पृथ्वी राज और आदित्य राज ने 61-61 रन का योगदान दिया। वासुदेव ने भी 33 रन जोड़कर टीम की स्थिति मजबूत की।
नागालैंड की दूसरी पारी में नीज़ेखो ने 84 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज बिहार के सधे हुए गेंदबाजी आक्रमण के सामने ज्यादा देर तक टिक नहीं सके।
गेंदबाजों का दबदबा
पूरे मैच में बिहार के गेंदबाजों ने शानदार नियंत्रण दिखाया। वासुदेव प्रसाद सिंह ने दोनों पारियों को मिलाकर कुल 8 विकेट झटके, जिसमें पहली पारी के 5 विकेट शामिल रहे। सूरज कश्यप ने 4 विकेट हासिल किए, जबकि सुमन कुमार को 2 सफलताएं मिलीं।
पृथ्वी राज रहे टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज
पूरे टूर्नामेंट में बल्लेबाजी के लिहाज से पृथ्वी राज का प्रदर्शन सबसे प्रभावशाली रहा। उन्होंने छह मैचों की छह पारियों में दो शतक और दो अर्धशतक की मदद से कुल 680 रन बनाए। उनका सर्वोच्च स्कोर 282 रन रहा।
सूरज कश्यप ने गेंदबाजी में किया कमाल
गेंदबाजी में सूरज कश्यप सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने पांच मैचों की दस पारियों में 31 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उन्होंने तीन बार पारी में पांच या उससे अधिक विकेट भी लिए। वहीं, वासुदेव प्रसाद सिंह 25 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
बीसीए अध्यक्ष ने दी बधाई
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने टीम की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों के अनुशासन, मेहनत और निरंतर प्रदर्शन का नतीजा है। उन्होंने टीम प्रबंधन और सहयोगी स्टाफ के योगदान की भी सराहना की।
सचिव ने बताया उज्ज्वल भविष्य का संकेत
बीसीए सचिव जियाउल अरफीन ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि प्लेट ग्रुप में बिहार का प्रदर्शन राज्य क्रिकेट की मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों ने इस टूर्नामेंट में परिपक्वता दिखाई है और यह जीत आने वाले वर्षों के लिए सकारात्मक संकेत है।
सम्मान समारोह
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में बीसीए सचिव जियाउल अरफीन ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे और खिलाड़ियों के खेलभावना व प्रदर्शन की सराहना की गई।