बड़ोदरा। बीसीसीआई द्वारा आयोजित सीनियर वुमेंस वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ महिला टीम ने अपने दूसरे मुकाबले में उत्तराखंड को 4 विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। यह मैच बड़ोदरा में खेला गया, जहां छत्तीसगढ़ ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तराखंड की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 234 रन बनाए। उत्तराखंड की ओर से राघवी ने बेहतरीन 77 रन की पारी खेली, जबकि इंद्राणी ने 43 और कंचन ने 40 रनों का योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की गेंदबाजी की बात करें तो उर्मिला हरीना ने 3 विकेट झटके, वहीं महक को 2 सफलता मिली।
235 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने 49.5 ओवरों में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान कृति गुप्ता ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 94 रन बनाए और टीम की जीत की नींव रखी। उनके अलावा शील्पा साहु ने 51 रन और प्रीती यादव ने 35 रनों की अहम पारी खेली। उत्तराखंड की ओर से नीलम ने 3 विकेट तथा कनीका ने 2 विकेट हासिल किए।
अंततः छत्तीसगढ़ की टीम ने यह मुकाबला 4 विकेट से जीतकर टूर्नामेंट में अपने अभियान को मजबूती प्रदान की। 🏏🔥
