पटना, 8 फरवरी।
बीसीसीआई की सीनियर विमेंस वनडे ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप मुकाबले में बिहार महिला क्रिकेट टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए नागालैंड को 185 रन के बड़े अंतर से हराया। इस मैच में बिहार ने बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी दोनों में अपना दबदबा बनाए रखा।

बिहार की मजबूत बल्लेबाज़ी, 290 रन का विशाल स्कोर
भुवनेश्वर स्थित रेलवे स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बिहार ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 290 रन बनाए। टीम की कप्तान प्रगति सिंह ने शानदार नेतृत्व करते हुए 106 गेंदों पर 110 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
उनका अच्छा साथ वैदेही यादव (41 रन) और यशिता सिंह (29 रन) ने दिया। हर्षिता ने भी निचले क्रम में तेजी दिखाते हुए 13 गेंदों में 25 रन बनाए, जबकि पी. प्रिया ने अंत में नाबाद 24 रन जोड़कर टीम के स्कोर को मजबूती प्रदान की।
[news_related_post]लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई नागालैंड
291 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नागालैंड महिला टीम बिहार की कसी हुई गेंदबाज़ी के सामने टिक नहीं पाई और 34.5 ओवर में 105 रन पर सिमट गई। नागालैंड की ओर से ए. के. वाटाडे ने सर्वाधिक 50 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज़ अपेक्षित योगदान नहीं दे सके।
अपूर्वा कुमारी ने गेंद से मचाया कहर
बिहार की जीत में गेंदबाज़ों की भूमिका बेहद अहम रही। अपूर्वा कुमारी ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 10 ओवर में 4 मेडन के साथ सिर्फ 14 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
इसके अलावा वैदेही यादव ने 8 ओवर में 3 मेडन डालते हुए 26 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। रचना सिंह और जूली कुमारी को 1-1 विकेट मिला। सभी गेंदबाज़ों ने अनुशासन के साथ रन रेट पर पूरी तरह लगाम लगाए रखी।
प्लेट ग्रुप में बिहार की दूसरी सफलता
इस बड़ी जीत के साथ बिहार महिला टीम ने सीनियर विमेंस वनडे ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। टीम का यह प्रदर्शन सामूहिक प्रयास, बेहतर रणनीति और परिस्थितियों के अनुरूप खेल का सशक्त उदाहरण माना जा रहा है, जो आगे के मैचों के लिए उत्साहवर्धक संकेत है।