Chhattisgarh, Sports News

WAKO इंडिया इंटरनेशनल किकबॉक्सिंग कप में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, जीते 10 पदक

WAKO इंडिया इंटरनेशनल किकबॉक्सिंग कप में छत्तीसगढ़ का दबदबा, खिलाड़ियों ने जीते 10 पदक

नई दिल्ली। राजधानी स्थित के.डी. जाधव स्टेडियम में 4 से 8 फरवरी तक आयोजित WAKO इंडिया इंटरनेशनल किकबॉक्सिंग कप में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और देश को गौरवान्वित किया। राज्य के विभिन्न जिलों से आए 8 खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्ग और इवेंट में भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया।

छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के संस्थापक एवं कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भारत के कई राज्यों के अलावा उज़्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, टर्की, किर्गिस्तान, सीरिया, इराक, मिस्र, अल्जीरिया और पेलेस्टाइन जैसे देशों के खिलाड़ी भी शामिल रहे। प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ियों ने उच्च तकनीक, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।

भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने कुल 10 पदक जीतकर राज्य के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। इसमें 4 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं।
कोरबा के अभिषेक खांडेकर ने 1 स्वर्ण व 1 रजत पदक जीता, जबकि रायपुर की तृती सिंह ने 1 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक अपने नाम किया।
श्लोक झा, यथार्थ द्विवेदी और सत्यम साहू ने स्वर्ण पदक जीतकर टीम की झोली भरी। वहीं राजकुमार, सरगुजा की स्वाति रजवाड़े और आयुष सारथी ने रजत पदक हासिल किए।

[news_related_post]

सभी खिलाड़ी एसोसिएशन के सचिव आकाश गुरुदिवान एवं प्रशिक्षक सर्वर एक्का के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में शामिल हुए। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष छगन लाल मूंदड़ा और कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को इस सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *