बिहारशरीफ, 8 फरवरी।
नालंदा जिला क्रिकेट संघ की देखरेख में नालंदा जिला ए डिवीजन क्रिकेट लीग की शुरुआत स्थानीय एनसीए मैदान, बड़ी दरगाह (बिहारशरीफ) में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुई। प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में क्रांतिकारी क्रिकेट क्लब नूरसराय और परशुराय क्रिकेट क्लब इस्लामपुर आमने-सामने थे, जहां परशुराय क्लब ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रांतिकारी क्रिकेट क्लब नूरसराय की टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट गंवाकर 168 रन बनाए। टीम के लिए लकी ने जिम्मेदार पारी खेलते हुए 53 रन बनाए, जबकि विराज यादव ने 19 रन जोड़े। अन्य बल्लेबाजों में रामवर्धन, उत्कर्ष और गुफरान ने 17-17 रन का योगदान दिया।
परशुराय क्रिकेट क्लब की गेंदबाजी प्रभावशाली रही। नीतीश कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 ओवर में 40 रन खर्च कर 4 अहम विकेट लिए। वहीं गौरव ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
[news_related_post]169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी परशुराय क्रिकेट क्लब की टीम ने आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाजी की और मात्र 16 ओवर 2 गेंद में 2 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत के नायक गौरव कुमार रहे, जिन्होंने शानदार शतक जमाते हुए 107 रन की तेजतर्रार पारी खेली। सूरज ने भी 39 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया। क्रांतिकारी क्लब की ओर से गेंदबाजी में लकी कुमार ने 6 ओवर में 53 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
अपनी उत्कृष्ट बल्लेबाजी के लिए परशुराय क्रिकेट क्लब के गौरव कुमार को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
उद्घाटन मुकाबले के दौरान नालंदा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार सहित कई पूर्व खिलाड़ी, पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
मैच में अंपायर की जिम्मेदारी सीनियर अंपायर परवेज़ मुस्तफा पप्पू और मनीष कुमार ने सफलतापूर्वक निभाई।