भभुआ, 9 फरवरी।
जगजीवन स्टेडियम में चल रही कैमूर जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में कैमूर क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजन क्रिकेट एकेडमी को 5 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ कैमूर क्लब ने टूर्नामेंट में अपना खाता खोला। मुकाबले के सबसे बड़े सितारे रहे देवांश अश्वल, जिन्होंने नाबाद शतक जमाकर टीम को जीत दिलाई और प्लेयर ऑफ द मैच बने।

यह प्रतियोगिता कैमूर जिला क्रिकेट संघ की ओर से दिवंगत क्रिकेटर नीतीश पटेल की स्मृति में आयोजित की जा रही है, जिसे हारमोनी क्रिकेट एकेडमी और द मॉडर्न स्कूल का संयुक्त सहयोग प्राप्त है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए विजन क्रिकेट एकेडमी ने निर्धारित 35 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। टीम की ओर से कृष राज ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 51 रन बनाए। उनके अलावा प्रेम सिंधु ने 40 रन, आकाश साहनी ने 20 रन और शिवम ने 17 रन का योगदान दिया। कैमूर क्रिकेट क्लब की गेंदबाजी में सौरव कुमार ने 2 विकेट चटकाए, जबकि सोनू साह, मयंक सिंह, ऋषिकेश और प्रदीप यादव को एक-एक सफलता मिली।
[news_related_post]लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैमूर क्रिकेट क्लब की टीम ने आक्रामक लेकिन संतुलित बल्लेबाजी करते हुए 27.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 171 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। देवांश अश्वल ने शानदार फॉर्म दिखाते हुए 103 रन की नाबाद और निर्णायक पारी खेली। उनका साथ सौरव (18 रन), ऋषिकेश (नाबाद 15) और मयंक सिंह (14) ने दिया। विजन की ओर से प्रांजल सिंह, आदर्श पटेल, सुधांशु रंजन और कृष को एक-एक विकेट मिला।

मैच के बाद देवांश अश्वल को प्लेयर ऑफ द मैच की ट्रॉफी नगर परिषद के पूर्व सभापति जैनेन्द्र कुमार आर्य ‘जॉनी’ द्वारा प्रदान की गई। इस मौके पर संघ के सचिव अजय कुमार सिंह, संयुक्त सचिव आजाद खान, आयोजन संयोजक संजय कुमार, सह-समन्वयक एजाज अली गोल्डेन और पूर्व खिलाड़ी रवि सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
लीग का अगला मुकाबला मंगलवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा, जिसमें कैमूर क्रिकेट क्लब की भिड़ंत स्टार क्रिकेट क्लब से होगी।