Sports News, Uttar Pradesh

लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर के नीचे विकसित होंगे स्पोर्ट्स एरीना, जल्द शुरू होगा आवागमन

लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर के नीचे विकसित होंगे स्पोर्ट्स एरीना, जल्द शुरू होगा आवागमन

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ग्रीन कॉरिडोर के नीचे खाली पड़ी जगहों का उपयोग जनसुविधाओं के लिए करेगा। गोमतीनगर के समतामूलक चौक से डालीगंज चौराहे तक बने इस कॉरिडोर के नीचे तीन स्थानों पर स्पोर्ट्स एरीना विकसित किए जाने की योजना है। यहां बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेनिस, पिकेल बॉल और बॉक्स क्रिकेट जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही बच्चों के लिए प्ले एरिया और युवाओं के लिए ओपन जिम भी बनाया जाएगा।

[news_related_post]

ग्रीन कॉरिडोर का एलडीए वीसी ने किया निरीक्षण।

एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को स्थल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि निशातगंज पुल, हनुमान सेतु और डालीगंज पुल के आसपास कॉरिडोर के नीचे पर्याप्त खाली स्थान है, जिसे मनोरंजन और खेल गतिविधियों के लिए विकसित किया जा सकता है।

प्राधिकरण इससे पहले गोमतीनगर में ग्वारी फ्लाईओवर के नीचे भी एक स्पोर्ट्स एरीना तैयार कर चुका है। निरीक्षण के दौरान नए चौराहों पर आकर्षक मूर्तियां लगाने और मध्य भाग में पौधरोपण कराने के निर्देश भी दिए गए। निशातगंज से हनुमान सेतु के बीच डबल आर्म स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना भी बनाई गई है।

खाटू श्याम मंदिर के पास बनेगी पार्किंग और वेंडिंग जोन

निरीक्षण के दौरान खाटू श्याम मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े वाहन और अस्थायी दुकानें देखी गईं। इस पर एलडीए ने मंदिर परिसर के पास व्यवस्थित पार्किंग और वेंडिंग जोन विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण न हो।

उर्मिला वन के लिए बनेगी नई स्लिप रोड

कुकरैल नदी के पास लगभग 18 एकड़ में विकसित किए जा रहे उर्मिला वन तक पहुंच को आसान बनाने की भी योजना है। फिलहाल यहां पहुंचने के लिए बंधा रोड ही एकमात्र रास्ता है, जो संकरा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कुकरैल नदी की ओर से उर्मिला वन और रिवर फ्रंट को जोड़ने के लिए एक स्लिप रोड बनाई जाए। इससे दोनों स्थलों तक पहुंच सुगम होगी और क्षेत्र की उपयोगिता बढ़ेगी।

एलडीए के अनुसार, ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण इसी माह प्रस्तावित है, जिसके बाद इस मार्ग पर यातायात शुरू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *