
रेलवे में खेल कोटे से चयनित हुईं बास्केटबॉल खिलाड़ी मोना गोस्वामी
बास्केटबॉल की प्रतिभाशाली खिलाड़ी मोना गोस्वामी को खेल कोटे के अंतर्गत रेलवे में नियुक्ति मिली है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन किया गया है।
मोना ने बेहद कम उम्र, लगभग चार वर्ष से ही बास्केटबॉल का अभ्यास शुरू कर दिया था। उन्हें अंतरराष्ट्रीय कोच कालवा राजेश्वर राव का मार्गदर्शन मिला। अपनी बड़ी बहन प्रीति गोस्वामी से प्रेरणा लेकर उन्होंने इस खेल में कदम रखा। दोनों बहनों की प्रतिभा को देखते हुए उनका चयन भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के राजनांदगांव स्थित आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में हुआ। वहां उन्हें कोच कालवा राजेश्वर राव और कालवा राधा राव से निरंतर प्रशिक्षण मिलता रहा।
[news_related_post]मोना ने रूस के व्लादिवोस्तोक में आयोजित 10वीं एशिया पैसिफिक बास्केटबॉल प्रतियोगिता में कांस्य पदक अर्जित किया। इसके अलावा उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट और सर्बिया में हुए वर्ल्ड स्कूल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया।
राष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उत्तराखंड में आयोजित नेशनल गेम्स और खेलो इंडिया यूथ गेम्स में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया। साथ ही बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित सब-जूनियर, जूनियर, यूथ और सीनियर वर्ग की विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी की।
उनकी उपलब्धियों को देखते हुए कई रेलवे जोन और अन्य सरकारी विभागों से उन्हें खेल कोटे के तहत नौकरी के प्रस्ताव प्राप्त हुए। वे शीघ्र ही वेस्टर्न रेलवे, मुंबई में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगी।
उनकी इस सफलता पर उनके प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव और कालवा राधा राव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।