17वीं वेस्ट ज़ोन सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप: छत्तीसगढ़ ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में जीता स्वर्ण
उज्जैन में 9 से 11 फरवरी तक आयोजित 17वीं वेस्ट ज़ोन नेशनल सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। सॉफ्टबॉल में यह पहला अवसर है जब राज्य को एक ही प्रतियोगिता में दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल प्राप्त हुआ।

महिला वर्ग
महिला वर्ग में छत्तीसगढ़ को कड़े मुकाबलों का सामना करना पड़ा। शुरुआती मैच में टीम को मध्यप्रदेश के खिलाफ 0–1 से हार झेलनी पड़ी, लेकिन इसके बाद खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की। उत्तरप्रदेश को 11–0 से हराने के बाद टीम का आत्मविश्वास बढ़ा। आगे चलकर राजस्थान को 2–0 तथा मजबूत टीम महाराष्ट्र को 8–0 से पराजित कर छत्तीसगढ़ ने फाइनल में जगह बनाई।
[news_related_post]खिताबी मुकाबले में एक बार फिर मध्यप्रदेश से सामना हुआ। घरेलू मैदान और दर्शकों के समर्थन के बावजूद मध्यप्रदेश को छत्तीसगढ़ की महिला टीम ने 4–1 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। सीनियर महिला वर्ग में राज्य के लिए यह ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।

पुरुष वर्ग
पुरुष टीम ने भी दमदार प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में गुजरात को 7–0 से हराकर जीत की शुरुआत की। इसके बाद राजस्थान को 10–0 और मध्यप्रदेश को 2–0 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल में पुनः मध्यप्रदेश से टक्कर हुई। रोमांचक मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने संतुलित खेल दिखाते हुए 4–0 से जीत दर्ज की और लगातार अपनी श्रेष्ठता साबित की।
टीम में शामिल खिलाड़ी
महिला और पुरुष दोनों वर्गों में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, सारंगढ़, पामगढ़ और महासमुंद सहित विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने प्रतिनिधित्व किया और टीम की सफलता में अहम योगदान दिया।
छत्तीसगढ़ प्रदेश सॉफ्टबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों ने इस दोहरी उपलब्धि पर खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।