संघर्ष से सफलता तक: हैंडबॉल प्रो लीग 2026 में पूजा कंवर का दमदार प्रदर्शन
नागपुर में चल रही हैंडबॉल प्रो लीग 2026 में राजस्थान के सीकर जिले के सांवलोदा लाडखानी गांव की बेटी और राजस्थान पुलिस में कार्यरत पूजा कंवर अपने शानदार खेल से सबका ध्यान खींच रही हैं। बेहद साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने वाली पूजा आज युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।
पूजा ने बताया कि महज 9 वर्ष की उम्र में उन्होंने खिलाड़ी बनने का सपना देख लिया था। उस समय गांव में बेटियों के खेल में आगे बढ़ने को लेकर संकीर्ण सोच थी, लेकिन उनके पिता सुरेंद्र सिंह ने समाज की परवाह किए बिना बेटी का साथ दिया। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद पिता ने खेती और मैकेनिक के काम से घर चलाते हुए पूजा को खेल से कभी दूर नहीं होने दिया।
पूजा की शुरुआती पढ़ाई गांव के सरकारी स्कूल में हुई। कक्षा सातवीं के दौरान स्कूल के शारीरिक शिक्षक मघाराम ने उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए उन्हें हैंडबॉल का विधिवत प्रशिक्षण देना शुरू किया। यहीं से पूजा के खेल करियर को नई दिशा मिली।
आज पूजा कंवर के नाम अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कुल 13 पदक दर्ज हैं। वे अब तक चार बार भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। सीनियर महिला वर्ग में उन्होंने तीन स्वर्ण और दो रजत, जबकि जूनियर वर्ग में चार स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किए हैं।
इसके अलावा 44वीं और 45वीं जूनियर गर्ल्स नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप में भी उन्होंने कांस्य पदक जीता।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पूजा ने 2019 एशियन यूथ हैंडबॉल (जयपुर), 2022 आईएचएफ अंडर-20 वर्ल्ड चैंपियनशिप (स्लोवेनिया), 2023 एएचएफ प्रेसिडेंट कप (जॉर्डन) में शानदार प्रदर्शन किया। साथ ही वे एशियन गेम्स 2022 (हांगझोउ, चीन) और पेरिस ओलंपिक 2024 क्वालिफिकेशन में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं।
हैंडबॉल प्रो लीग में राजस्थान राज्य खेल परिषद से जुड़ी कई खिलाड़ी अलग-अलग टीमों के लिए खेलते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। चंद्रपुर थिंक टैंक चीता टीम की कोच जयपुर की मनीषा राठौड़ हैं, जो स्वयं खेल परिषद में हैंडबॉल कोच हैं।
नागपुर टीम में श्रीगंगानगर की टीना, भीलवाड़ा की मनीषा जाट, सीकर की पूजा कंवर और जयपुर की पूजा गुर्जर शामिल हैं।
अहमदाबाद टीम में बीकानेर की रुक्मणि बिट्ठू और जयपुर की रेखा चौधरी खेल रही हैं, जबकि मुंबई टीम में सीकर की ममता मिठारवार अपनी छाप छोड़ रही हैं। वहीं लखनऊ टीम में भीलवाड़ा की नोरती कुमारी मेवाड़ा और चंद्रपुर टीम में नागौर की वर्षा जाखड़ खेलती नजर आ रही हैं।
राजस्थान की ये खिलाड़ी न केवल प्रो लीग में राज्य का नाम रोशन कर रही हैं, बल्कि देशभर की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने का हौसला भी दे रही हैं। 🏆🤾♀️
