ओपन मास्टर्स गेम्स अबू धाबी 2026: हैमर थ्रो में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
अबू धाबी। ओपन मास्टर्स गेम्स अबू धाबी 2026 में भारत के अनुभवी एथलीटों ने पुरुष हैमर थ्रो स्पर्धा में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया। 30+ आयु वर्ग में किशोरकुमार चंद्रा मोहन ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि मोहम्मद अंसार ने कांस्य पदक जीतकर भारत को दोहरी सफलता दिलाई।
किशोरकुमार ने 37.92 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने पूरे मुकाबले के दौरान निरंतरता बनाए रखते हुए 35.94 मीटर और 36.97 मीटर के वैध थ्रो भी दर्ज किए। इस दौरान उनके दो प्रयास नो-मार्क रहे, लेकिन अंतिम थ्रो में उन्होंने अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक सुनिश्चित किया।
वहीं, उनके साथी खिलाड़ी मोहम्मद अंसार ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया और कांस्य पदक जीता।
उल्लेखनीय है कि ओपन मास्टर्स गेम्स अबू धाबी 2026 पश्चिम एशिया में आयोजित होने वाला पहला बड़ा मास्टर्स मल्टी-स्पोर्ट आयोजन है। यह प्रतियोगिता पारंपरिक वर्ल्ड मास्टर्स गेम्स से अलग है, क्योंकि इसमें “ओपन फॉर्मेट” को अपनाया गया है।
इस आयोजन में 30 वर्ष या उससे अधिक आयु के खिलाड़ी बिना किसी क्वालीफाइंग मानक के भाग ले सकते हैं। सभी प्रतिभागियों के लिए प्रवेश पूरी तरह खुला है। आठ दिवसीय यह अंतरराष्ट्रीय खेल महोत्सव आज संपन्न होगा।
