टिकरापारा रायपुर में महिला-पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता सम्पन्न, रतनपुर की बेटियों ने जीते दो खिताब
रायपुर। टिकरापारा स्थित मां शीतला अखाड़ा के नेतृत्व में 12 फरवरी को राज्य स्तरीय महिला-पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सिद्ध पीठ गिरजाबंध हनुमान मंदिर अखाड़ा रतनपुर की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो खिताब सहित कुल चार पदक अपने नाम किए।

58 से 65 किलोग्राम भार वर्ग में पावनी यादव ने बस्तर, दुर्ग और रायपुर की पहलवानों को पराजित कर “छत्तीसगढ़ शेरनी” का खिताब जीता। इसके बाद 43 से 48 किलोग्राम वर्ग में अस्मिता गायकवाड ने बेहतरीन दांव-पेच दिखाते हुए “छत्तीसगढ़ दुर्गा बाई” का खिताब अपने नाम किया।
[news_related_post]49 से 57 किलोग्राम भार वर्ग में “छत्तीसगढ़ रानी वीरांगना” खिताब के मुकाबले में उमा केवट ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि जागृति केवट तृतीय स्थान पर रहीं। इस प्रकार टीम ने दो स्वर्ण सहित कुल चार पदक जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय कुश्ती कोच सागर धीवर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर अखाड़ा के संरक्षक महंत श्री तारकेश्वर पुरी जी महाराज, अतुल मिश्रा, गजेंद्र दुबे, बिलासपुर जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष जीवन मिश्रा, शंकर राव मराठा, उस्ताद विनोद सारथी, बद्री प्रसाद साहू, रामकुमार निर्मलकर, कन्हैया कहरा, जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजेश पटेल तथा राजीव मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।
