INTERNATIONAL, हॉकी

RAJNANDGAON DESK अस्मिता वेस्ट जोन हॉकी प्रतियोगिता में मेजबान छत्तीसगढ़ ने दर्ज की दूसरी जीत

अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित अस्मिता वेस्ट जोन हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन दर्शकों को रोमांच और जोश से भरपूर मुकाबले देखने को मिले। दिन की शुरुआत मेजबान छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बीच खेले गए मुकाबले से हुई, जिसमें छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार तालमेल, मजबूत डिफेंस और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए महाराष्ट्र को 3-0 से शिकस्त दी।

इस मुकाबले में छत्तीसगढ़ की ओर से खिलाड़ियों ने बेहतरीन समन्वय दिखाया। मैच के 29वें मिनट में मधु सिंदर ने पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद टीम का आत्मविश्वास और भी बढ़ गया। दूसरे हाफ में दुबी रावत ने 51वें मिनट में शानदार गोल करते हुए बढ़त को दोगुना कर दिया। अंत में 58वें मिनट में जिज्ञासा कश्यप ने एक और गोल कर जीत पर मुहर लगा दी। पूरे मैच के दौरान छत्तीसगढ़ की टीम ने विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

दूसरा मैच मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच खेला गया, जो पूरी तरह एकतरफा साबित हुआ। मध्यप्रदेश की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रणनीति अपनाते हुए राजस्थान पर लगातार दबाव बनाए रखा। टीम के खिलाड़ियों ने शानदार पासिंग, तेज आक्रमण और सटीक फिनिशिंग का प्रदर्शन करते हुए 20-0 के विशाल अंतर से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ मध्यप्रदेश ने प्रतियोगिता में अपनी लगातार दूसरी जीत हासिल कर मजबूत दावेदारी पेश की।

[news_related_post]

मैच शुरू होने से पहले कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर जिला हॉकी संघ के सचिव शिवनारायण धकेता, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी परमजीत सिंह, मृणाल चौबे (कन्वीनर), नीलम चंद जैन, भूषण साव, छोटेलाल रामटेके, सुश्री आशा थामस, महबूब कुरैशी, चंदन भारद्वाज, शकील अहमद, दिग्विजय श्रीवास्तव, किशोर धीवर, शिवा चौबे, दिलीप रावत, योगेश द्विवेदी, सचिन खोबरागड़े, अभिनव मिश्रा, हारून खान, खुशाल यादव, सुखदेव निर्मलकार, कार्तिक यादव, कृष्णा यादव सहित कई खेलप्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा और दर्शकों ने भी जमकर उनका हौसला बढ़ाया। आयोजकों के अनुसार आने वाले दिनों में और भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, जिससे यह प्रतियोगिता और अधिक आकर्षक बनती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *