युवा दर्शन के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का आह्वान
वर्ल्ड फिलॉसफी डे पर योग कार्यशाला आयोजित
भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के योग विभाग द्वारा वर्ल्ड फिलॉसफी डे के उपलक्ष्य में एक दिवसीय योग कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “पर्यावरणीय संकट को रोकने में दर्शन शास्त्र की भूमिका” रखा गया, जो वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में अत्यंत प्रासंगिक है।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात योग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रत्नेश पाण्डेय ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे दर्शन के सिद्धांतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाकर समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाएं।
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने दर्शन, योग और पर्यावरण के परस्पर संबंधों पर प्रकाश डाला। प्रतिभागियों को यह समझाया गया कि कैसे योग और दार्शनिक दृष्टिकोण अपनाकर व्यक्ति न केवल अपने मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ कर सकता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर योगाभ्यास सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस आयोजन ने युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने एवं पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने की दिशा में प्रेरित किया।
युवा दर्शन के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का आह्वान
03
Apr