Uttar Pradesh

सीएसजेएमयू में छह अप्रैल से गूंजेगा ‘खो-खो’ का जयघोष, उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता का भव्य आगाज

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) एक बार फिर राष्ट्रीय खेल परिदृश्य में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है। विश्वविद्यालय का शारीरिक शिक्षा विभाग 6 अप्रैल से 10 अप्रैल तक उत्तर क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय खो-खो (पुरुष) प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य आयोजन करने जा रहा है। यह प्रतियोगिता न केवल विश्वविद्यालय के इतिहास का सबसे बड़ा खेल आयोजन मानी जा रही है, बल्कि उत्तर भारत के विश्वविद्यालयों के बीच खेल प्रतिभाओं के प्रदर्शन का एक महत्वपूर्ण मंच भी साबित होगी।

सब-हेडलाइन
42 विश्वविद्यालयों के 630 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
6 से 10 अप्रैल तक होगा आयोजन, भव्य उद्घाटन समारोह 6 अप्रैल को
शनिवार को विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर अकादमिक में आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में उत्तर भारत के सात राज्यों—उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड एवं हिमाचल प्रदेश—के कुल 42 विश्वविद्यालयों की टीमें भाग लेंगी। लगभग 630 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर खो-खो के दांव-पेंच और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय स्तर पर खेलों को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है।
प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन समारोह 6 अप्रैल को सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में स्वयं कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक उपस्थित रहेंगे। प्रतियोगिता के पारदर्शी और सुचारु संचालन के लिए 27 तकनीकी अधिकारियों (ITO एवं NTO) की एक विशेष टीम गठित की गई है, जो सभी मैचों का संचालन करेगी। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता की उच्च स्तरीय निगरानी सुनिश्चित करने के लिए सीआरएस विश्वविद्यालय, जींद (हरियाणा) के खेल निदेशक डॉ. नरेश को पर्यवेक्षक (Observer) के रूप में नियुक्त किया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा बाहर से आने वाले खिलाड़ियों, कोचों और खेल अधिकारियों के लिए एआईयू (भारतीय विश्वविद्यालय संघ) के मानकों के अनुरूप आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

[news_related_post]

प्रतियोगिता के कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से तैयार किया गया है। सभी टीमों का आगमन 5 अप्रैल को सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा, जबकि उसी दिन सुबह 10 बजे से आधिकारिक पंजीकरण प्रक्रिया संपन्न होगी। शाम 4 बजे कोच एवं मैनेजरों की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतियोगिता के नियमों और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।मैचों की रूपरेखा को नॉकआउट और लीग चरणों में विभाजित किया गया है। 6 से 8 अप्रैल तक नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें हारने वाली टीम सीधे प्रतियोगिता से बाहर हो जाएगी। 6 अप्रैल को पूल ए, बी, सी और डी के अंतर्गत कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी बनाम जम्मू यूनिवर्सिटी तथा लखनऊ यूनिवर्सिटी बनाम सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा जैसे मुकाबले विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। 7 अप्रैल को भी नॉकआउट चरण जारी रहेगा, जिसमें महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी और बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा, वहीं एनएसयूटी दिल्ली का सामना पिछले मैच के विजेता से होगा।
8 अप्रैल को अंतिम 16 टीमों के बीच मुकाबले होंगे और उसी दिन क्वार्टर फाइनल (मैच 23 से 30) आयोजित किए जाएंगे, जिनसे यह तय होगा कि कौन सी टीमें अंतिम चार में स्थान बनाएंगी। इसके पश्चात 9 अप्रैल को सेमीफाइनल मुकाबले (मैच 31 से 34) खेले जाएंगे, जो प्रतियोगिता के निर्णायक चरण की दिशा तय करेंगे।
फाइनल चरण के मुकाबलों में एक विशेष प्रारूप अपनाया जाएगा, जिसमें विजेता टीमों का सामना पहले से निर्धारित मजबूत (सीडेड) टीमों से होगा। इन टीमों में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (पंजाब), यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली, जीएनडी यूनिवर्सिटी (अमृतसर) तथा मेजबान सीएसजेएमयू शामिल हैं। 9 और 10 अप्रैल को राउंड-रॉबिन आधार पर लीग मैच खेले जाएंगे, जिनमें पूल ए, बी, सी और डी के विजेता आमने-सामने होंगे, जिससे उत्तर क्षेत्र का चैंपियन निर्धारित किया जाएगा।
पांच दिनों तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ का समापन 10 अप्रैल को भव्य समारोह के साथ होगा। इस अवसर पर विजेता टीमों, उपविजेताओं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों के लिए एक प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करेगा, बल्कि विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

रिपोर्टर : हर्ष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *