Chhattisgarh, क्रिकेट

अंडर-19 वनडे चैलेंजर ट्रॉफी: ईस्ट और साउथ जोन की दमदार जीत


छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित मेंस अंडर-19 वनडे चैलेंजर ट्रॉफी के मुकाबले न्यायधानी में खेले गए, जहां ईस्ट और साउथ जोन ने प्रभावशाली जीत दर्ज की। मैच शुरू होने से पहले दोनों मैदानों पर खिलाड़ियों का परिचय कराया गया और अतिथियों का स्वागत किया गया।

रेलवे मैदान में खेले गए मुकाबले में ईस्ट जोन और वेस्ट जोन आमने-सामने थे। वेस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ईस्ट जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.3 ओवर में 322 रन बनाए। टीम की ओर से अमितेश मिश्रा ने 88 रन, चंद्रांश यादव ने 69 रन, शैवाल सरकार ने 46 रन और रुद्र साहू ने 44 रन का योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्ट जोन की टीम 32.4 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई। अंश जायसवाल ने 60 रन और ललित सोनकर ने 34 रन बनाए। ईस्ट जोन की ओर से आदित्य यादव ने तीन विकेट और अगमजोत सिंह ने दो विकेट लिए। इस तरह ईस्ट जोन ने 144 रन से जीत हासिल की।

[news_related_post]

दूसरा मुकाबला राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में साउथ जोन और नॉर्थ जोन के बीच खेला गया। साउथ जोन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। नॉर्थ जोन की टीम 42.2 ओवर में 154 रन बनाकर ऑलआउट हो गई, जिसमें आदित्य वर्मा ने 33 रन, तेजस्वी कलभोर ने 18 रन और सक्षम चौबे ने 17 रन बनाए।

साउथ जोन की ओर से अंकित मिश्रा ने चार विकेट हासिल किए, जबकि फैज खान और अनंत त्रिपाठी ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ जोन ने 39.4 ओवर में दो विकेट खोकर 155 रन बना लिए और 8 विकेट से आसान जीत दर्ज की। अमन त्रिपाठी ने नाबाद 62 रन और आर्यन सिंह ने नाबाद 29 रन का योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *