
दल्लीराजहरा में आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय म्यू थाई चैंपियनशिप का सफल समापन हुआ। 1 से 3 मई तक बीएसपी स्कूल परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन आगामी राष्ट्रीय म्यू थाई चैंपियनशिप के लिए छत्तीसगढ़ टीम चयन के उद्देश्य से किया गया था।

प्रतियोगिता में बालोद जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 28 स्वर्ण, 11 रजत और 6 कांस्य पदक सहित कुल 45 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। रायपुर की टीम 26 स्वर्ण, 8 रजत और 4 कांस्य पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि बस्तर ने 17 पदक जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह देर रात तक चला। कार्यक्रम में दल्लीराजहरा नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता राजहरा माइंस के डीजीएम नीतेश क्षत्रिय ने की। इस अवसर पर खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों — युवराज सिंह, समिधा अग्रवाल, प्रवीण कृष्ण जायसवाल और टिकेश्वरी साहू — का विशेष सम्मान किया गया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 40 सदस्यीय छत्तीसगढ़ टीम का चयन किया गया है, जो आगामी 7वीं राष्ट्रीय म्यू थाई चैंपियनशिप में उत्तराखंड के हल्द्वानी में हिस्सा लेगी।
पूरे आयोजन का संचालन तकनीकी अधिकारियों और प्रशिक्षकों की टीम ने किया। समापन अवसर पर निर्णायकों, चिकित्सकों और आयोजन समिति से जुड़े सदस्यों को सम्मानित भी किया गया।