BIHAR

बिहार में खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ा मौका: एकलव्य और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस चयन ट्रायल्स शुरू

पटना: बिहार के युवा खिलाड़ियों के लिए अपने खेल करियर को नई दिशा देने का शानदार अवसर सामने आया है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने राज्यभर में एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र और जिला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए चयन ट्रायल्स आयोजित करने की घोषणा की है। ये ट्रायल्स 15 मई से 22 मई तक विभिन्न जिलों में आयोजित होंगे, जिनमें ताइक्वांडो, कबड्डी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और वाटर स्पोर्ट्स के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और जिला स्तर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जिला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से ताइक्वांडो, कबड्डी और बैडमिंटन के खिलाड़ियों को तराशा जाएगा, जबकि एकलव्य केंद्रों में वॉलीबॉल और कयाकिंग-कैनोइंग जैसे वाटर स्पोर्ट्स पर विशेष फोकस रहेगा।
आयु वर्ग के अनुसार जिला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ट्रायल्स में 16 से 18 वर्ष तक के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे, जबकि एकलव्य चयन ट्रायल्स 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए आयोजित किए जाएंगे।
चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल प्रमाण पत्र, खेल प्रमाण पत्र, बिहार निवास प्रमाण पत्र तथा पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।
बैडमिंटन ट्रायल्स आरा, बेगूसराय, खगड़िया, मधेपुरा और पूर्णिया के इंडोर स्टेडियमों में 16 से 22 मई के बीच आयोजित किए जाएंगे। वहीं कबड्डी ट्रायल्स पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित बेगूसराय, अरवल और सीतामढ़ी में होंगे। ताइक्वांडो खिलाड़ियों के लिए नवादा, मुजफ्फरपुर, कटिहार और गोपालगंज के खेल भवनों में चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
इसके अलावा वॉलीबॉल और वाटर स्पोर्ट्स के ट्रायल्स सीवान, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर में होंगे। सीवान के मैरवा धाम स्थित पीटीसी ग्राउंड में विशेष रूप से कयाकिंग और कैनोइंग खिलाड़ियों के लिए चयन ट्रायल्स आयोजित किए जाएंगे।
राज्यभर में होने वाले ये ट्रायल्स बिहार में खेल संस्कृति को मजबूत करने और नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *