
अखिल बिहार शतरंज संघ के मार्गदर्शन में कटिहार जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित बिहार राज्य अंडर-13 शतरंज प्रतियोगिता रोमांचक दौर में पहुंच गई है। ओपन वर्ग में पटना के देवांश केशरी साढ़े पांच अंकों के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं, जबकि बालिका वर्ग में छपरा की मोहिनी पंडित पांच अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई हैं।
ओपन वर्ग के छठे दौर में पश्चिम चंपारण के शिवांश बर्नवाल और किशनगंज के सुरोनय दास के बीच मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। वहीं शीर्ष वरीयता प्राप्त देवांश केशरी ने शानदार खेल दिखाते हुए मुजफ्फरपुर के सिद्धार्थ शांडिल्य को हराकर एकल बढ़त हासिल कर ली। इस जीत के साथ देवांश प्रतियोगिता में सबसे आगे चल रहे हैं, जबकि शिवांश और सुरोनय पांच-पांच अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
बालिका वर्ग में मोहिनी पंडित ने सहरसा की अनिका यादव के खिलाफ महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। इस जीत के बाद उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों पर एक अंक की बढ़त बना ली है। अनिका यादव, आराध्या प्रकाश और अग्रिमा राज चार-चार अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।
[news_related_post]प्रतियोगिता का अंतिम दौर 31 मई को खेला जाएगा। इसके बाद दोनों वर्गों के विजेताओं को सम्मानित करने के लिए पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।