Chhattisgarh, Sports News

स्टेट अंडर-9 शतरंज चैंपियनशिप में मुकाबला रोमांचक, तुषार और अरमान शीर्ष स्थान पर

रायपुर। राजधानी स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय स्टेट अंडर-9 शतरंज चैंपियनशिप में शुरुआती मुकाबलों के बाद प्रतियोगिता बेहद रोचक स्थिति में पहुंच गई है। प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ की ओर से किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों से आए कुल 103 खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। इनमें ओपन वर्ग में 73 और बालिका वर्ग में 30 प्रतिभागी शामिल हैं। प्रतियोगिता के जरिए राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप के लिए दो बालक और दो बालिकाओं का चयन किया जाएगा, जो आगे चलकर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

तीन राउंड पूरे होने के बाद ओपन वर्ग में कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। कुल 9 खिलाड़ियों ने लगातार तीन जीत दर्ज करते हुए 3 अंक हासिल किए हैं। टाई-ब्रेक के आधार पर दुर्ग के तुषार यादव और बिलासपुर के अरमान उभरानी संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं।

[news_related_post]

अंक तालिका में रायपुर के अपूर्व भार्गव, सरगुजा के प्रज्वल पांडे और अक्षत राज डांगरे सहित कई खिलाड़ी भी बराबरी की दौड़ में बने हुए हैं। वहीं बिलासपुर के अव्यान अग्रवाल और अयांश फुलर ने भी प्रभावशाली खेल दिखाया है।

बालिका वर्ग में भी मुकाबला कड़ा बना हुआ है। राजनांदगांव की इधिका वारुडकर लगातार जीत के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि दुर्ग की मयूरिका मान्या और श्रेष्ठा भारद्वाज उनसे बेहद कम अंतर पर मौजूद हैं।

अब प्रतियोगिता के केवल तीन राउंड शेष हैं। ऐसे में आगामी मुकाबलों के परिणाम से अंक तालिका में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। खिलाड़ियों और दर्शकों की नजर अब अगले दौर के मुकाबलों पर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *