स्वर्गीय हुसैन कुरैशी की स्मृति में आयोजित रूंगटा अंडर-16 टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप की शुरुआत रोमांचक मुकाबलों के साथ हुई। पहले मैच में स्टील सिटी भिलाई ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
टॉस जीतने के बाद स्टील सिटी भिलाई ने पहले गेंदबाजी चुनी और टर्मिनेटर इंटरनेशनल क्रिकेट एकेडमी महासमुंद को बल्लेबाजी का मौका दिया। निर्धारित 20 ओवरों में महासमुंद की टीम 129 रन बना सकी। टीम की ओर से देवांश दास महंत ने सबसे अधिक 35 रन बनाए। गेंदबाजी में स्टील सिटी के निशानजित सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट लिए, जबकि कुमार क्रिथार्त ने 2 विकेट अपने नाम किए।

जवाबी पारी में स्टील सिटी भिलाई ने अंतिम गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से आदित्य सिंह ने 38 रन का योगदान दिया। टर्मिनेटर की ओर से अनुराग और लावण्य को एक-एक विकेट मिला। स्टील सिटी ने मुकाबला 5 विकेट से जीता और निशानजित सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
[news_related_post]दूसरे मुकाबले में अटल क्रिकेट एकेडमी और ब्रम्हविद क्रिकेट एकेडमी आमने-सामने रहीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए ब्रम्हविद की टीम ने 150 रन बनाए। टीम के लिए अंकुश कुमार ने 34 और मृणाल सिन्हा ने 33 रन जोड़े। अटल क्रिकेट एकेडमी की ओर से ऋषि पोटभरे और आयुष सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अटल क्रिकेट एकेडमी की टीम संघर्ष करती नजर आई और केवल 38 रन पर सिमट गई। ब्रम्हविद की ओर से लसित गोस्वामी ने 5 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि चंद्रप्रकाश साहू ने 2 विकेट लिए। ब्रम्हविद क्रिकेट एकेडमी ने मुकाबला 112 रन से अपने नाम किया और चंद्रप्रकाश साहू को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।