रायपुर। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज़ (AIU), नई दिल्ली ने पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU), रायपुर के वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं खेल विशेषज्ञ प्रो. राजीव चौधरी को वर्ष 2026-27 के लिए एआईयू राष्ट्रीय खेल आवंटन समिति (National Committee for Allocation of AIU Sports Championships) का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
प्रो. चौधरी वर्तमान में पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में डीन छात्र कल्याण, विधि अध्ययनशाला के अध्यक्ष तथा शारीरिक शिक्षा अध्ययनशाला के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। उनके नेतृत्व में गठित समिति देशभर के विश्वविद्यालयों द्वारा अंतर-विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु भेजे गए प्रस्तावों का मूल्यांकन करेगी। यह मूल्यांकन खेल अधोसंरचना, आवास, परिवहन, चिकित्सा सुविधाओं तथा आयोजन क्षमता जैसे महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर किया जाएगा।
प्रो. राजीव चौधरी स्वयं एक प्रतिष्ठित खिलाड़ी भी रहे हैं। उन्होंने कबड्डी, कुश्ती, जूडो एवं भारोत्तोलन जैसी खेल विधाओं में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया है तथा राष्ट्रीय एवं अंतर-विश्वविद्यालय स्तर पर अनेक पदक अर्जित किए हैं। वे जूडो में सेकंड डैन ब्लैक बेल्ट धारक भी हैं।
यह नियुक्ति न केवल प्रो. राजीव चौधरी की खेल एवं शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान है, बल्कि छत्तीसगढ़ और पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के लिए भी गौरव का विषय है।
एआईयू ने प्रो. राजीव चौधरी को 2026-27 खेल समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया
28
Jun