आगरा | प्रेस विज्ञप्ति
एस.आर.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अकोला (आगरा) के शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष चौधरी एम.डी. अहमद खान को डायमंड बॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित द्वितीय राष्ट्रीय रेफरी वर्कशॉप, कोचिंग सेमिनार कम परीक्षा का मुख्य परीक्षक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति खेल क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव, उत्कृष्ट तकनीकी ज्ञान, रेफरी एवं प्रशिक्षक के रूप में उल्लेखनीय योगदान तथा डायमंड बॉल खेल के विकास में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए की गई है।
यह राष्ट्रीय आयोजन 11, 12 एवं 13 जुलाई 2026 को भूगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भूगोर (अलवर, राजस्थान) में राजस्थान डायमंड बॉल एसोसिएशन एवं डायमंड बॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में देशभर से रेफरी, कोच, तकनीकी अधिकारी एवं खेल प्रशिक्षक भाग लेंगे। आयोजन के दौरान खेल के नवीनतम नियमों, तकनीकी पहलुओं, रेफरी प्रशिक्षण, कोचिंग पद्धति तथा लिखित एवं प्रायोगिक परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।
[news_related_post]मुख्य परीक्षक के रूप में चौधरी एम.डी. अहमद खान प्रतिभागियों की लिखित एवं प्रायोगिक परीक्षाओं का संचालन, मूल्यांकन एवं तकनीकी मार्गदर्शन करेंगे। उनके नेतृत्व में आयोजित होने वाली यह परीक्षा डायमंड बॉल खेल की तकनीकी गुणवत्ता और राष्ट्रीय स्तर पर एकरूपता को और अधिक मजबूत बनाएगी।
डायमंड बॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं खेल के जनक राजीव सोई ने विश्वास जताया कि चौधरी एम.डी. अहमद खान के नेतृत्व में राष्ट्रीय रेफरी वर्कशॉप एवं कोचिंग सेमिनार नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन देशभर में प्रशिक्षित रेफरी और कोच तैयार करने के साथ-साथ डायमंड बॉल खेल के मानकीकरण और प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
एस.आर.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्या मोहिनी चाहर ने इसे विद्यालय, जनपद आगरा और उत्तर प्रदेश के खेल जगत के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि चौधरी एम.डी. अहमद खान की यह उपलब्धि विद्यालय के खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस उपलब्धि पर डायमंड बॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष राजीव सोई, उपाध्यक्ष एवं बिल्ड फॉर सक्सेस डिग्री कॉलेज के प्रबंधक सरपंच विश्वेंद्र कुमार शर्मा, प्रधान शिशु पाल, महासचिव दिलीप शर्मा, एस.आर.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल के निदेशक लोकपाल सिंह चाहर, प्रबंधक गौरांग चाहर, प्रधानाचार्या मोहिनी चाहर सहित खेल जगत की अनेक हस्तियों, विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।