INTERNATIONAL

जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में ईशान सैनी और परिधि लिलहारे बने विजेता

छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के मार्गदर्शन में जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंडर-19 ओपन वर्ग में ईशान सैनी ने 4.5 अंक अर्जित कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में परिधि लिलहारे ने भी 4.5 अंकों के साथ चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

अंडर-13 ओपन वर्ग में शिल्प कुमार घोड़ेसवार ने 5.5 अंक प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि बालिका वर्ग में इशिका मड़के ने 5 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। विजेताओं को मुख्य अतिथि राजीव चौबे, जिला शतरंज संघ के सचिव तुलसी सोनी, शतरंज प्रशिक्षक सुरेंद्र बल्लेवार, इंटरनेशनल आर्बिटर अलंकार भिवगड़े तथा रॉकी देवांगन ने ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के 84 खिलाड़ियों ने भाग लिया। सभी मुकाबले छह चक्रों में संपन्न हुए।

[news_related_post]

अंडर-19 ओपन वर्ग में अभिनव सिंह राजपूत दूसरे, शुभम सिंह तीसरे, गुणवंत साहू चौथे, शशिंद्र सिंह पांचवें तथा आर्यमान भिवगड़े छठे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में आयनी त्रिपाठी ने दूसरा, आद्रिका ने तीसरा, मिताली राजपूत ने चौथा, कासवी जैन ने पांचवां और चारवी माण्डले ने छठा स्थान प्राप्त किया।

अंडर-13 ओपन वर्ग में पार्थ मिश्रा उपविजेता रहे। इसके बाद वी विराट अय्यर तीसरे, चेतस माण्डले चौथे, प्रांजल सिंह पांचवें तथा नीर जैन छठे स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को स्मृति पदक और ई-सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक इंटरनेशनल आर्बिटर रॉकी देवांगन रहे, जबकि अनिल शर्मा, धीरज चावरे और चंदन विश्वकर्मा ने सहायक निर्णायक के रूप में अपनी सेवाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *