भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) रायपुर मंडल के तत्वावधान में 4 से 5 जुलाई तक सप्रे शाला में आयोजित 58वीं मध्य क्षेत्रीय टेबल टेनिस एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के आठ मंडलों से आए 24 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबलों में टेबल टेनिस पुरुष वर्ग का खिताब रायपुर मंडल के विनय बैसवाड़े ने अपने नाम किया, जबकि महिला वर्ग में इंदौर मंडल की ऋचा पटवर्धन विजेता रहीं। बैडमिंटन पुरुष वर्ग में बिलासपुर मंडल के शैलेश साहू ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं महिला वर्ग में पर्ली ठाकुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मध्य क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के प्रादेशिक प्रबंधक एम.सी. कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रादेशिक प्रबंधक (एचआरडी) एम. कविराज उपस्थित रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता विपणन प्रबंधक रविन्द्र कुमार पटेल ने की।

कार्यक्रम में प्रतियोगिता संयोजक अमित कुमार श्रीवास्तव, चयन समिति के सदस्य नीलमणी द्विवेदी, मंडल खेल समन्वय समिति के सदस्य गिरीश सिन्हा, सेंट्रल जोन इंश्योरेंस एम्प्लाइज एसोसिएशन के सह सचिव व्ही.एस. बघेल, स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य शशांक शेखर शर्मा, रायपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्प्लाइज यूनियन के महासचिव गजेंद्र पटेल तथा प्रथम श्रेणी अधिकारी एसोसिएशन के सचिव आशीष शर्मा सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
टेबल टेनिस स्पर्धा में मुख्य निर्णायक की जिम्मेदारी अंतरराष्ट्रीय अंपायर प्रवीण निरापुरे ने निभाई, जबकि सहायक मुख्य निर्णायक के रूप में अंतरराष्ट्रीय अंपायर गीता पंडित रहीं। बैडमिंटन प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक अनुराग दीक्षित तथा सहायक मुख्य निर्णायक हेमंत क्रिस्टोफर थे। आयोजन सचिव संध्या राज ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।