BIHAR, क्रिकेट

बिहार के दंपत्ति ने बहरीन महिला क्रिकेट टीम में निभाई अहम भूमिका

पटना, 7 जुलाई। बिहार के रहने वाले कुंदन कुमार गुप्ता और उनकी पत्नी अर्चना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है। दोनों वर्तमान में बहरीन महिला क्रिकेट टीम के साथ कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं और टीम के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

पूर्व रणजी क्रिकेटर कुंदन कुमार गुप्ता बहरीन महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच हैं। वे आईसीसी लेवल-3 प्रमाणित कोच हैं और पिछले एक वर्ष से टीम के साथ कार्य कर रहे हैं। वहीं अर्चना टीम की स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच के रूप में खिलाड़ियों की फिटनेस और शारीरिक तैयारी की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इससे पहले वह बिहार महिला टीम तथा झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के साथ भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।

हाल ही में मलेशिया में आयोजित महिला एशिया कप क्वालीफायर के दौरान दोनों ने बहरीन टीम के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। खिलाड़ियों की तकनीकी तैयारी, मैच रणनीति, फिटनेस और मानसिक मजबूती जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर दोनों ने मिलकर काम किया।

[news_related_post]

बिहार से शुरू हुआ उनका सफर आज अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुका है। यह उपलब्धि राज्य के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों के लिए गर्व की बात है। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि खेलों में केवल खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि कोच, फिटनेस विशेषज्ञ और सपोर्ट स्टाफ भी वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

कुंदन और अर्चना की प्रेरणादायक यात्रा युवाओं के लिए एक संदेश है कि समर्पण, निरंतर मेहनत और अपने क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करके अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना संभव है। उनकी सफलता बिहार की खेल प्रतिभाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *