पटना, 7 जुलाई। पटना जिला जूनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के सेमीफाइनल में मालसलामी सीसी ने साधनापुरी सीसी को 9 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस जीत के साथ टीम ने अगले सत्र की सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में खेलने का अधिकार भी हासिल कर लिया।
अल्फा स्पोर्ट्स एकेडमी ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में साधनापुरी सीसी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। कृष ने 27 और अमीष कुमार ने 13 रन बनाए, जबकि अतिरिक्त से टीम को 19 रन मिले। पूरी टीम 16.2 ओवर में 95 रन पर सिमट गई। मालसलामी सीसी की ओर से यश राज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि अयान ने 3 विकेट अपने नाम किए।
96 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मालसलामी सीसी ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। सलीम ने 39 रन बनाए, जबकि यश राज ने नाबाद 51 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को केवल 7.1 ओवर में जीत दिला दी। साधनापुरी सीसी की ओर से शिवम राज को एकमात्र विकेट मिला।
गेंद और बल्ले दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले यश राज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनकी शानदार ऑलराउंड खेल की बदौलत मालसलामी सीसी अब लीग के फाइनल मुकाबले में खिताब के लिए चुनौती पेश करेगी।
[news_related_post]