
छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि राज्य के यूनिफाइड पार्टनर पुलक देव गौतम का चयन स्पेशल ओलंपिक्स यूनिफाइड फुटबॉल वर्ल्ड कप पेरिस–2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। उनके चयन से राज्य के साथ-साथ अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय का भी गौरव बढ़ा है।
यूनिफाइड फुटबॉल, स्पेशल ओलंपिक्स की एक समावेशी खेल प्रतियोगिता है, जिसमें बौद्धिक दिव्यांग खिलाड़ी (स्पेशल एथलीट) और सामान्य खिलाड़ी (यूनिफाइड पार्टनर) एक ही टीम में मिलकर खेलते हैं। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य खेलों के माध्यम से समान अवसर, सहभागिता और सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देना है।
पेरिस रवाना होने से पहले भारतीय टीम के खिलाड़ियों, यूनिफाइड पार्टनर्स और प्रशिक्षकों के सम्मान में मानव रचना विश्वविद्यालय, फरीदाबाद में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्पेशल ओलंपिक्स भारत, छत्तीसगढ़ के एरिया डायरेक्टर डॉ. प्रमोद तिवारी ने पुलक देव गौतम को शुभकामनाएं देते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
[news_related_post]समारोह में पुलक देव गौतम के माता-पिता डॉ. तर्णीश गौतम, उनकी बहन तथा अन्य परिजन भी मौजूद रहे और इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की।