INTERNATIONAL

संभाग स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में महासमुंद ने लगातार पाँचवीं बार लहराया जीत का परचम

संभाग स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में महासमुंद ने लगातार पाँचवीं बार लहराया जीत का परच
रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 7 जुलाई को आयोजित संभाग स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में महासमुंद जिले की बालक (अंडर-17) टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार पाँचवीं बार संभागीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
इस प्रतियोगिता में रायपुर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिले की टीमों ने भाग लिया। महासमुंद की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। निर्णायक मुकाबले में गरियाबंद को 3–1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
विजेता टीम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बेमचा (विकासखंड महासमुंद) के खिलाड़ी शामिल रहे। टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में सागर सेन, सागर चंद्राकर, हर्ष बघेल, देवेश चंद्राकर, टोमेश चंद्राकर, सेवकराम, जय चंद्राकर, खिलेश्वर साहू, अरविंद विश्वकर्मा, देवेंद्र ध्रुव, गणेश्वर, जोहन कोसरे, लीलेश्वर साहू, अनुज यादव, निहाल यादव एवं जीतू ध्रुव ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान सागर सेन सहित कई खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल कौशल से टीम को मजबूती प्रदान की। फाइनल मुकाबले में टीम के सामूहिक प्रदर्शन ने महासमुंद को लगातार पाँचवीं बार विजेता बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस उपलब्धि के साथ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमचा के 16 खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है।
जिले में हॉकी खेल के विकास के लिए जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आवश्यक खेल संसाधन एवं प्रशिक्षण सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र खेल अभ्यास योजना के अंतर्गत खिलाड़ियों को वर्षभर खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाती है तथा व्यायाम शिक्षक डॉ. सेवन दास मानिकपुरी के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। इसी सतत प्रयास का परिणाम है कि ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी लगातार उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *