ओरडोस। भारत के युवा जैवलिन थ्रोअर आनंद सिंह ने एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने 80.57 मीटर का भाला फेंककर न सिर्फ प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया, बल्कि अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी दर्ज किया।
22 वर्षीय आनंद ने पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपने पहले ही टूर्नामेंट में 80 मीटर का आंकड़ा पार कर बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने अपने पिछले व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में लगभग तीन मीटर का सुधार करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले आनंद सिंह इस प्रतियोगिता में 77.68 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ उतरे थे। यह उपलब्धि उन्होंने जून में भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय अंतर-राज्य सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हासिल की थी, जहां वह चौथे स्थान पर रहे थे।
[news_related_post]इससे पहले पटियाला में आयोजित इंडियन ओपन थ्रो प्रतियोगिता में भी आनंद ने 76.94 मीटर का थ्रो कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने भारतीय टीम में जगह बनाई और एशियाई स्तर पर देश को स्वर्ण पदक दिलाने में सफलता हासिल की।
एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भारत ने विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में 54 खिलाड़ियों का दल भेजा था। इस प्रतियोगिता में आनंद सिंह का स्वर्ण पदक भारतीय अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है।