मथुरा। पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आर.के. ग्रुप के शिक्षण संस्थानों में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर केडी विश्वविद्यालय, केडी डेंटल कॉलेज, राजीव एकेडमी सहित विभिन्न संस्थानों के पदाधिकारियों, शिक्षकों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना और उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। इस दौरान सभी प्रतिभागियों से लगाए गए पौधों की रक्षा और उनके संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।
प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान मातृ सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध हवा और बेहतर जीवन प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
[news_related_post]कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी ने लोगों से अपने जीवन के विशेष अवसरों पर भी पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उनका कहना था कि वृक्षारोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधे स्वस्थ वृक्ष बनकर पर्यावरण को समृद्ध करें।
कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्रों जैसी चुनौतियों का प्रभावी समाधान अधिक से अधिक वृक्षारोपण है। वहीं डॉ. वी.पी. पांडेय ने पेड़ों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, ऑक्सीजन उपलब्ध कराने, भूजल संरक्षण और जैव विविधता को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
डॉ. मंजू पांडेय ने सभी प्रतिभागियों से पौधों की सिंचाई, सुरक्षा और नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प दिलाते हुए कहा कि मां और प्रकृति दोनों जीवन का आधार हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
कार्यक्रम में प्राचार्या एनपी चानू ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो देश को अधिक हरित और स्वच्छ बनाया जा सकता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जुड़ा अभियान बताते हुए सभी से इसमें सक्रिय सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।