वर्ष 2025-26 के राज्य खेल अलंकरण एवं प्रोत्साहन योजनाओं के लिए आवेदन आमंत्रित
छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों तथा खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रतिवर्ष विभिन्न खेल पुरस्कारों एवं सम्मानों से सम्मानित किया जाता है। इसी क्रम में वर्ष 2025-26 के राज्य खेल अलंकरण, प्रोत्साहन पुरस्कार, खेलवृत्ति तथा प्रेरणा निधि के लिए पात्र आवेदकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
राज्य खेल अलंकरण के अंतर्गत राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाता है। सीनियर वर्ग में राष्ट्रीय चैम्पियनशिप अथवा राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले या अधिकृत अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार प्रदान किया जाता है।
जूनियर वर्ग में राष्ट्रीय स्तर की जूनियर प्रतियोगिताओं में पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को शहीद कौशल यादव पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। वहीं, पिछले पांच वर्षों के दौरान चार बार सीनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों को शहीद पंकज विक्रम सम्मान प्रदान किया जाता है।
[news_related_post]खेल प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों के उत्कृष्ट योगदान के लिए वीर हनुमान सिंह पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इसके अतिरिक्त, खेल क्षेत्र में दीर्घकालीन एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे व्यक्तियों को शहीद विनोद चौबे सम्मान प्रदान किया जाता है, जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त किया हो अथवा खेल विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सेवाएं दी हों।
सीनियर एवं जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाली टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की जाती है। चार सदस्यों वाले दलीय खेलों के लिए सीनियर वर्ग में 2 लाख रुपये तथा जूनियर वर्ग में 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित है। चार से अधिक सदस्यों वाले दलीय खेलों के लिए सीनियर वर्ग में 5 लाख रुपये और जूनियर वर्ग में 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
व्यक्तिगत पुरस्कारों के अंतर्गत शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार के लिए 3 लाख रुपये, शहीद कौशल यादव पुरस्कार एवं वीर हनुमान सिंह पुरस्कार के लिए 1.50 लाख रुपये तथा शहीद विनोद चौबे सम्मान एवं शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए 25-25 हजार रुपये की नगद राशि प्रदान की जाएगी। पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर एवं टाई भी प्रदान की जाएगी।
राष्ट्रीय पदक विजेताओं के लिए प्रोत्साहन
वर्ष 2025-26 की अवधि अर्थात 1 अप्रैल से 31 मार्च तक सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन नियमों के तहत नगद पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा। पात्र खिलाड़ी निर्धारित आवेदन पत्र जिला खेल कार्यालय अथवा संबंधित राज्य खेल संघ से प्राप्त कर निर्धारित समय सीमा में जमा कर सकते हैं।
खेलवृत्ति के लिए पात्रता
अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त करने अथवा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी खेलवृत्ति (डाइट मनी) के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के लिए आवेदक की अधिकतम आयु 19 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
खेल संघों के लिए प्रेरणा निधि
वर्ष 2025-26 के दौरान उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले खेल संघ भी प्रोत्साहन एवं प्रेरणा निधि के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित संघों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन जिला खेल कार्यालय अथवा संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण विभाग में जमा करना होगा।
आवेदन की अंतिम तिथि
राज्य खेल अलंकरण, नगद पुरस्कार, खेलवृत्ति एवं प्रेरणा निधि से संबंधित आवेदन पत्र संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सभी जिला खेल कार्यालयों तथा मान्यता प्राप्त राज्य खेल संघों से प्राप्त किए जा सकते हैं।
शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए आवेदन संबंधित राज्य खेल संघ की अनुशंसा एवं निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। इस सम्मान के लिए खिलाड़ी सीधे संचालनालय अथवा जिला कार्यालय में आवेदन जमा नहीं कर सकेंगे।
राज्य खेल संघों की अनुशंसा सहित आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 05 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन कार्यालयीन समय में जमा किए जा सकेंगे।
पुरस्कारों से संबंधित आवेदन विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन पत्र का प्रारूप एवं विस्तृत जानकारी खेल एवं युवा कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
यदि किसी खिलाड़ी की उपलब्धि अधिक होने के बावजूद संबंधित मान्यता प्राप्त खेल संघ द्वारा पुरस्कार हेतु अनुशंसा नहीं की गई है, तो ऐसे खिलाड़ी अपनी उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत करते हुए निर्धारित प्रारूप में व्यक्तिगत रूप से आवेदन कर सकते हैं। ऐसे आवेदन 05 अगस्त 2026 तक संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, जी.ई. रोड, रायपुर अथवा संबंधित जिला खेल कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।