INDIA, Sports News

बिहार रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप: पूर्वी चंपारण ने जीता ओवरऑल खिताब, सीवान रहा रनर-अप

छपरा, 19 जुलाई। सारण जिले के गरखा में आयोजित 18वीं बिहार सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप का समापन पूर्वी चंपारण के शानदार प्रदर्शन के साथ हुआ। प्रतियोगिता में पूर्वी चंपारण ने कुल 26 अंक अर्जित कर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि 23 अंकों के साथ सीवान दूसरे स्थान पर रहा। इस प्रतियोगिता का आयोजन साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के मार्गदर्शन में साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ सारण द्वारा किया गया।

अंतिम दिन विभिन्न आयु वर्गों के इंडिविजुअल टाइम ट्रायल (आईटीटी) मुकाबले आयोजित किए गए। यूथ बालक वर्ग की 10 किमी स्पर्धा में पूर्णिया के अंशुमन झा ने स्वर्ण पदक जीता। रोहतास के आयुष कुमार दूसरे और कटिहार के नमन प्रिय तीसरे स्थान पर रहे। वहीं यूथ बालिका वर्ग में पूर्वी चंपारण की सुप्रिया कुमारी ने स्वर्ण, रोहतास की राधा कुमारी ने रजत तथा गया की रजनी कुमारी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

सब-जूनियर बालक वर्ग की 10 किमी प्रतियोगिता में रोहतास के प्रिंस कुमार विजेता बने। पूर्वी चंपारण के ऋतिक कुमार ने रजत और पश्चिमी चंपारण के दशरथ कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। सब-जूनियर बालिका वर्ग में वैशाली की शालिनी कुमारी पहले स्थान पर रहीं, जबकि मधेपुरा की पूजा कुमारी और कटिहार की सीमा कुमारी ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।

[news_related_post]

जूनियर बालक वर्ग में पूर्णिया के आर्यन कुमार सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। सीवान के शशि यादव दूसरे तथा पूर्वी चंपारण के शौर्य कुमार तीसरे स्थान पर रहे। जूनियर बालिका वर्ग में सीवान की अमृता कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया। पूर्वी चंपारण की सृष्टि कुमारी को रजत और भागलपुर की आशा कुमारी को कांस्य पदक मिला।

सीनियर पुरुष वर्ग की 20 किमी स्पर्धा में गया के प्रह्लाद कुमार ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कैमूर के नीतीश कुमार और विकास कुमार सिंह ने क्रमशः रजत एवं कांस्य पदक जीते। महिला वर्ग में सारण की सुहानी कुमारी विजेता रहीं, जबकि पूर्णिया की शालिनी कुमारी दूसरे और सीवान की गुड़िया कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।

साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव डॉ. कौशल किशोर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर 24-24 पुरुष और महिला खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जो सितंबर में आयोजित होने वाले बिहार स्टेट गेम्स में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा सभी आयु वर्गों के पदक विजेता दिसंबर में होने वाली राष्ट्रीय रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।

समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को अमनौर के विधायक कृष्ण कुमार मंटू, छपरा की विधायक छोटी कुमारी तथा छपरा के एडीएम प्रमोद कुमार पांडेय ने सम्मानित किया। आयोजन को सफल बनाने में सारण के जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और जिला प्रशासन की टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। समारोह में एसडीएम नितेश कुमार, एसडीएम निधि राज सहित साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ सारण के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *