Chhattisgarh

2.5 लाख रुपये की इनामी राशि वाले फिडे रेटेड शतरंज टूर्नामेंट का मेज़बान बनेगा जशपुर जिला

जशपुर। जशपुर जिला आगामी अगस्त माह के अंत में आयोजित होने वाली 2.5 लाख रुपये की इनामी राशि वाले प्रतिष्ठित फिडे (FIDE) रेटेड शतरंज चैंपियनशिप का मेज़बान बनने जा रहा है। इस आयोजन को लेकर तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं।
इसी क्रम में जशपुर जिला शतरंज संघ के पदाधिकारियों ने आज कलेक्टर डॉ. रोहित व्यास, एसडीएम विश्वास मस्के एवं समीर बड़ा से सौजन्य भेंट कर प्रस्तावित फिडे रेटेड चैंपियनशिप के आयोजन की विस्तृत जानकारी साझा की तथा सफल आयोजन को लेकर चर्चा की।
बैठक में सरगुजा संभाग के वरिष्ठ शतरंज पदाधिकारी बी. मणियन, एस. एस. पी. वर्मा, इंटरनेशनल आर्बिटर अनीश अंसारी, सीनियर नेशनल आर्बिटर प्रदीप मंडल तथा जशपुर जिला शतरंज संघ के सचिव अजय गुप्ता उपस्थित रहे।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर होगी, जिसमें देशभर से फिडे रेटेड खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से जशपुर जिले को राष्ट्रीय शतरंज मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी तथा स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त होगा।
जिले में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने जा रही इस फिडे रेटेड शतरंज चैंपियनशिप को लेकर खेल प्रेमियों एवं शतरंज खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *