INDIA, INTERNATIONAL

हॉकी विश्व कप में भारतीय पुरुष टीम को 51 साल से पदक का इंतजार

विश्व कप के लिए भारत की 20 सदस्यीय हॉकी टीम का ऐलान, हरमनप्रीत संभालेंगे कमान

हॉकी विश्व कप: अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के दम पर उतरेगा भारत

नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने बेल्जियम और नीदरलैंड में 15 से 30 अगस्त तक आयोजित होने वाले एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान अनुभवी डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह को सौंपी गई है। चयनित टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ उभरते युवा खिलाड़ियों को भी अवसर दिया गया है।

[news_related_post]

गोलकीपिंग विभाग में मोहित एचएस और सूरज करकेरा को जगह मिली है। रक्षा पंक्ति में जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच शामिल हैं। मिडफील्ड में मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलाकांता शर्मा, राजिंदर सिंह और आदित्य अर्जुन लालागे टीम को मजबूती देंगे। वहीं आक्रमण की जिम्मेदारी मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह और शिलानंद लाकड़ा संभालेंगे।

भारतीय टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने टीम पर भरोसा जताते हुए कहा कि यह संतुलित टीम अनुभव और युवा जोश का बेहतरीन मिश्रण है। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों ने अपनी जगह केवल शानदार प्रदर्शन के दम पर बनाई है। उनका मानना है कि टीम मैच दर मैच आगे बढ़ने की रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी और विश्व कप में यादगार प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

भारत को पूल-डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने सभी लीग मुकाबले एमस्टेलवीन (नीदरलैंड) में खेलेगी। भारत 15 अगस्त को वेल्स, 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को अपने पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेगा। भारत-पाकिस्तान मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक मैचों में से एक माना जा रहा है।

गौरतलब है कि भारत ने एफआईएच विश्व कप के शुरुआती तीन संस्करणों में 1971 (कांस्य), 1973 (रजत) और 1975 (स्वर्ण) पदक जीते थे। 1975 की ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय टीम विश्व कप में अगले पदक का इंतजार कर रही है और इस बार उस लंबे इंतजार को खत्म करने की उम्मीद के साथ मैदान में उतरेगी।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम (एफआईएच विश्व कप 2026):
गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा।
डिफेंडर: हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच।
मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलाकांता शर्मा, राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालागे।
फॉरवर्ड: मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *