जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट मुकाबलों का कार्यक्रम और ड्रॉ जारी होने के बाद भारत और पाकिस्तान के संभावित मुकाबले को लेकर उत्साह बढ़ गया है। दोनों देशों की पुरुष टी-20 टीमों को शीर्ष वरीयता मिलने के कारण सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है, जिससे शुरुआती चरण में दोनों टीमों के आमने-सामने आने की संभावना समाप्त हो गई है।
ड्रॉ के अनुसार भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग हिस्सों में रखा गया है। ऐसे में दोनों टीमों की भिड़ंत तभी संभव होगी, जब वे अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर आगे बढ़ें। मौजूदा समीकरणों के अनुसार दोनों के बीच मुकाबला केवल सेमीफाइनल या फाइनल में ही हो सकता है, जिसका क्रिकेट प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार रहेगा।
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में भी भारतीय टीम सीधे क्वार्टर फाइनल से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इस चरण में उसका सामना मेजबान जापान से होगा। यदि भारत यह मुकाबला जीतता है, तो अगले दौर में उसकी भिड़ंत बांग्लादेश या चीन से हो सकती है।
[news_related_post]एशियन गेम्स में क्रिकेट को चौथी बार शामिल किया गया है और इस बार सभी मुकाबले टी-20 प्रारूप में खेले जाएंगे। महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 17 से 22 सितंबर 2026 तक आयोजित होगी, जबकि पुरुष वर्ग के मुकाबले 24 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक खेले जाएंगे। सभी मैचों को अंतरराष्ट्रीय टी-20 का दर्जा प्राप्त होगा, जिससे प्रतियोगिता का महत्व और बढ़ गया है।