देवघर।
20वीं सीनियर पुरुष राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 24 से 26 जुलाई 2026 तक आर.पी.वाई. ग्लोबल स्कूल, चराडीह, जिला-कोडरमा में भव्य रूप से आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में राज्य की कई मजबूत टीमों ने भाग लिया, जहाँ देवघर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान (कांस्य पदक) हासिल कर जिले का नाम गौरवान्वित किया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान देवघर की टीम ने अनुशासित खेल, बेहतरीन रणनीति, तेज़ गति और उत्कृष्ट टीमवर्क का परिचय दिया। खिलाड़ियों ने हर मुकाबले में पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और कांस्य पदक अपने नाम किया।
इस उपलब्धि पर जिला खो-खो संघ, देवघर के सचिव अंकित सिन्हा ने पूरी टीम को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देवघर के खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर जिले की पहचान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। साथ ही उन्होंने कोच, टीम प्रबंधन और सभी खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में देवघर की टीम राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी।
टीम के कोच ऋतिक राज ने कहा कि खिलाड़ियों ने कई महीनों तक कठिन अभ्यास और निरंतर मेहनत की, जिसका परिणाम आज पूरे जिले के सामने है। उन्होंने कहा कि यह कांस्य पदक केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि भविष्य में स्वर्ण पदक जीतने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उनके समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
टीम मैनेजर बिट्टू यादव ने भी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि टीम के प्रत्येक खिलाड़ी ने पूरे टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की एकजुटता, आत्मविश्वास और संघर्षशीलता ही इस सफलता की सबसे बड़ी ताकत रही।
देवघर टीम के खिलाड़ी इस प्रकार हैं—
प्रिंस, गौरव, सोनू (उप-कप्तान), ऋषु राज, ऋषु कुमार (कप्तान), लक्की कुमार, शिवा हेम्ब्रम, राज राजवार, सत्यम कुमार, अमित कुमार, कन्हैया कुमार, एम.डी. अफज़ल, राज चौहान, अनिरुद्ध पंडित एवं अभिषेक कुमार।
देवघर टीम की इस उल्लेखनीय सफलता पर जिले के खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों एवं खेल पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए पूरी टीम, कोच ऋतिक राज, टीम मैनेजर बिट्टू यादव तथा जिला सचिव अंकित सिन्हा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। खिलाड़ियों ने भी इस उपलब्धि का श्रेय अपने कोच, टीम मैनेजर, जिला खो-खो संघ तथा सभी समर्थकों को देते हुए भविष्य में देवघर को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक गौरवान्वित करने का संकल्प लिया।