INDIA, Sports News

हॉकी विश्वकप: केसरिया रंग में रंगे नजर आएंगे भारतीय पुरुष और महिला खिलाड़ी,हॉकी इंडिया की नई जर्सी लॉन्च

 

बेल्जियम और नीदरलैंड्स की संयुक्त मेजबानी में अगले महीने होने वाले एफआईएच (FIH) हॉकी विश्व कप 2026 के लिए हॉकी इंडिया ने भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों की बिल्कुल नई और विशेष जर्सी लॉन्च कर दी है। भारतीय हॉकी इतिहास में एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव करते हुए इस बार पारंपरिक नीले रंग के स्थान पर मुख्य रूप से केसरिया रंग’ को चुना गया है।जो साहस, वीरता और विजय की भावना को प्रदर्शित करता है।
नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान दोनों टीमों के कप्तानों की मौजूदगी में इस आकर्षक किट का अनावरण किया गया।इस नई जर्सी को बेहद आधुनिक और भारतीय संस्कृति के संगम के साथ डिजाइन किया गया है। जर्सी के छाती वाले हिस्से पर सुदर्शन चक्र का डिजिटल ग्राफिक पैटर्न बनाया गया है, जो टीम की ताकत और एकता का प्रतीक है। इसके साथ ही जर्सी के कपड़ों पर सूक्ष्म मंडला आर्ट (सांस्कृतिक कलाकृति) उकेरी गई है। जर्सी पर अशोक चक्र से प्रेरित नीले रंग की पाइपिंग और हाइलाइट्स दिए गए हैं, जो खिलाड़ियों को मैदान पर शांत और केंद्रित रहने की प्रेरणा देंगे। इस जर्सी की एक और बड़ी विशेषता यह है कि इस पर सामने की तरफ विशेष रूप से देवनागरी लिपि में ‘इंडिया’ लिखा गया है, जो भारतीय राष्ट्रवाद और पहचान को मजबूती से दर्शाता है। साथ ही भारतीय हॉकी के मुख्य प्रायोजक ओडिशा का लोगो भी इस पर प्रमुखता से शामिल है।
गौरतलब है कि आगामी हॉकी विश्व कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है। भारतीय पुरुष टीम स्टार ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। वहीं, सलीमा टेटे की अगुवाई वाली भारतीय महिला हॉकी टीम 16 अगस्त को चीन के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेगी।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने जर्सी लॉन्च के मौके पर उम्मीद जताई कि यह नई ऊर्जा और रंग दोनों टीमों को विश्व कप के मंच पर पोडियम फिनिश करने और तिरंगे का मान बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा। खेल प्रेमियों के बीच भी इस नए रंग-रूप को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *