ग्लास्गो, 29 जुलाई 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स के लिए कुल 43 खिलाड़ियों की टीम उतारी है। इसमें 32 एथलीट और 11 पैरा एथलीट शामिल हैं। एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स की प्रतियोगिताएं 27 जुलाई से 1 अगस्त तक स्कॉटलैंड के स्कॉटस्टाउन स्टेडियम में आयोजित की जा रही हैं।
भारतीय दल में नीरज चोपड़ा, गुलवीर सिंह, पारुल चौधरी, मुरली श्रीशंकर और तजिंदरपाल सिंह तूर जैसे कई अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों से भारत को पदक जीतने की बड़ी उम्मीद है। नीरज चोपड़ा इससे पहले गोल्ड कोस्ट 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं, जबकि मुरली श्रीशंकर ने बर्मिंघम 2022 में रजत पदक अपने नाम किया था।
ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में सर्वेश कुशारे ने पुरुषों की हाई जंप स्पर्धा में रजत पदक जीतकर एथलेटिक्स में भारत का खाता खोला। इसके बाद गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह इस स्पर्धा में राष्ट्रमंडल खेलों का पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने।
[news_related_post]महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी पारुल चौधरी से भी पदक की उम्मीद है। वहीं भारत के कई अन्य खिलाड़ी विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगे।
अब तक भारत राष्ट्रमंडल खेलों की एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में 36 पदक जीत चुका है, जिनमें 15 स्वर्ण, 6 रजत और 15 कांस्य पदक शामिल हैं। इस बार भी भारतीय दल अपने इस शानदार रिकॉर्ड को और बेहतर बनाने के इरादे से मैदान में उतरा है।