हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय थाई बॉक्सिंग प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की बेटियों का शानदार प्रदर्शन
एल.बी. स्टेडियम बॉक्सिंग हॉल, हैदराबाद (तेलंगाना) में 06 से 08 फरवरी तक आयोजित 12वीं फेडरेशन कप राष्ट्रीय थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप एवं प्रो नाइट फाइट में छत्तीसगढ़ की बालिका खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में राज्य की खिलाड़ियों ने 04 स्वर्ण पदक एवं 02 प्रो नाइट फाइट टाइटल बेल्ट अपने नाम करते हुए पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया।

इस प्रतियोगिता में रायपुर की प्रियंका साहू ने दो स्वर्ण पदक जीतकर विशेष उपलब्धि दर्ज की। वहीं मानसी तांडी और पिंकी गुप्ता ने प्रो नाइट फाइट के अंतर्गत प्रतिष्ठित टाइटल बेल्ट जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया। इसके अलावा दीपाली बघेल एवं पल्लवी साहू ने भी अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक प्राप्त किए।
[news_related_post]प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें थाई बॉक्सिंग इंडियन फेडरेशन (TIF) के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सुमनाक्षर, महासचिव रविंदर सिंह, आयोजन सचिव फरीद उद्दीन, एम. मनोहर बाबू, डॉ. सफी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य थाई बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष अनीस मेमन एवं महासचिव लखन कुमार साहू ने बताया कि छत्तीसगढ़ से 05 बालिका खिलाड़ी एवं 02 अधिकारी, कुल 07 सदस्यीय दल प्रतियोगिता में शामिल हुआ था। दल में रायपुर से 06 एवं दंतेवाड़ा से 01 सदस्य सम्मिलित थे।
दल ने संघ अध्यक्ष अनीस मेमन के मार्गदर्शन तथा दंतेवाड़ा खेल एवं युवा कल्याण विभाग की कोच टिकेश्वरी साहू के नेतृत्व में प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता समाप्ति के पश्चात सभी सदस्य सिकंदराबाद से रायपुर लौट रहे हैं, जहां रेलवे स्टेशन पर पदक विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया जाएगा।

स्वर्ण पदक एवं टाइटल बेल्ट विजेता खिलाड़ी इस प्रकार हैं—
- पल्लवी साहू (-67 किग्रा, अंडर-21)
- प्रियंका साहू (-45 किग्रा, अंडर-21)
- प्रियंका साहू (म्यूजिकल इवेंट, अंडर-21)
- दीपाली बघेल (-48 किग्रा, अंडर-18)
- मानसी तांडी (प्रो नाइट फाइट टाइटल बेल्ट, -45 किग्रा)
- पिंकी गुप्ता (प्रो नाइट फाइट टाइटल बेल्ट, -48 किग्रा)
प्रतियोगिता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष अनीस मेमन (रायपुर) एवं कोच टिकेश्वरी साहू (दंतेवाड़ा) ने निर्णायक पैनल के मुख्य सदस्यों के रूप में भी अपनी भूमिका निभाई।