मैट्स विश्वविद्यालय परिसर में 12 फरवरी को खेल, जोश और उमंग से भरे मैट्स खेल महोत्सव का शानदार शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकगण एवं विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिससे आयोजन का माहौल अत्यंत उत्साहपूर्ण बन गया।
उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत भव्य मार्चपास्ट से हुई, जिसमें विभिन्न संकायों और विभागों के विद्यार्थियों ने अनुशासनबद्ध परेड प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। तत्पश्चात खिलाड़ियों ने खेल भावना, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और अनुशासन का पालन करने की शपथ ली।
खेल महोत्सव का विधिवत उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के.पी. यादव ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मंचासीन रहे। कुलपति ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीमवर्क जैसे गुणों को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस आयोजन की सफलता के लिए विश्वविद्यालय के चांसलर श्री गजराज पगारिया, डायरेक्टर श्री प्रियेश पगारिया तथा रजिस्ट्रार श्री गोकुलानंद पांडा सहित समस्त विश्वविद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
खेल महोत्सव के अंतर्गत अनेक इनडोर एवं आउटडोर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इनडोर स्पर्धाओं में कैरम, शतरंज, टेबल टेनिस और बैडमिंटन शामिल हैं, वहीं आउटडोर खेलों में क्रिकेट, वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी, एथलेटिक्स, बास्केटबॉल और फुटबॉल प्रमुख हैं। उद्घाटन दिवस पर कई खेलों की प्रारंभिक स्पर्धाएँ सफलतापूर्वक आयोजित की गईं।
यह खेल महोत्सव 21 फरवरी तक चलेगा, जिसमें विद्यार्थियों का जोश और खेल भावना लगातार देखने को मिलेगी।


