पटना, 9 फरवरी।
बिहार में घरेलू क्रिकेट की तैयारियां तेज़ हो गई हैं। बिहार क्रिकेट संघ (बीसीए) ने सत्र 2025-26 के लिए अपने घरेलू क्रिकेट कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। बीसीए के अनुसार सीनियर मेंस घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आगाज़ 20 फरवरी से किया जाएगा।
इस संबंध में संघ ने राज्य के सभी जिला क्रिकेट संघों (डीसीए) को खिलाड़ियों के पंजीकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, जिन्हें बीसीए की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड किया गया है।

क्रिकहीरोज पोर्टल के माध्यम से होगा रजिस्ट्रेशन
बीसीए ने स्पष्ट किया है कि खिलाड़ियों का पंजीकरण केवल क्रिकहीरोज (Cricheros) ऑनलाइन पोर्टल के जरिए ही किया जाएगा। सभी जिला संघों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होगा।
[news_related_post]पूर्व पंजीकृत खिलाड़ियों को राहत
पिछले सत्र में जिन खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन क्रिकहीरोज पोर्टल पर पहले से मौजूद है, उन्हें दोबारा नया फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे खिलाड़ियों का री-रजिस्ट्रेशन संबंधित जिला संघ द्वारा किया जाएगा। वहीं, नए खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण फॉर्म भरना अनिवार्य रहेगा।
दस्तावेजों की जांच की जिम्मेदारी डीसीए की
बीसीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि खिलाड़ियों द्वारा अपलोड किए गए सभी दस्तावेजों की सत्यता की पूरी जिम्मेदारी संबंधित जिला क्रिकेट संघ की होगी। किसी भी प्रकार की अनियमितता, फर्जी दस्तावेज या गलत जानकारी पाए जाने पर कार्रवाई की जिम्मेदारी अनुमोदन अधिकारी पर तय की जाएगी।
आयु वर्ग के अनुसार पंजीकरण पात्रता
- सीनियर पुरुष एवं महिला – सभी आयु वर्ग पात्र
- अंडर-23 पुरुष/महिला – जन्म 1 सितंबर 2003 या उसके बाद
- अंडर-19 पुरुष/महिला – जन्म 1 सितंबर 2007 या उसके बाद
- अंडर-16 बॉयज – जन्म 1 सितंबर 2010 से 31 अगस्त 2012 के बीच
- अंडर-15 गर्ल्स – जन्म 1 सितंबर 2011 से 31 अगस्त 2014 के बीच
पंजीकरण के लिए जरूरी दस्तावेज
खिलाड़ियों को डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र, पिछले तीन वर्षों की स्कूल मार्कशीट, पता प्रमाण पत्र, पैन कार्ड और वर्तमान स्कूल/कॉलेज का बोनाफाइड प्रमाण पत्र जमा करना होगा।
अंडर-16 बॉयज और अंडर-15 गर्ल्स वर्ग के लिए पीवीसी आधार कार्ड अनिवार्य किया गया है।