INDIA, क्रिकेट

मधुबनी जिला क्रिकेट लीग में झंझारपुर क्रिकेट क्लब जीता


मधुबनी, 11 फरवरी।
जिला क्रिकेट संघ, मधुबनी के तत्वावधान में आयोजित मधुबनी जिला क्रिकेट लीग 2025-26 के अंतर्गत झंझारपुर स्थित ललित कर्पूरी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में झंझारपुर क्रिकेट क्लब ने भच्छी क्रिकेट क्लब को 59 रन से हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की। मैच 30-30 ओवर का रहा और इसका संचालन अंपायर गोविंद राय व आकाश जी ने किया।

टॉस जीतने के बाद झंझारपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। निर्धारित ओवरों से पहले ही टीम 28.4 ओवर में 186 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इंद्रदेव ने 52 रनों की उम्दा पारी खेली। अतुल प्रकाश ने 42 रन जोड़े, जबकि सुभाष (30) और युवराज (19) ने भी अहम योगदान दिया।

भच्छी क्लब की ओर से गेंदबाजी में मो. कादिर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। उज्वल को 3 सफलता मिली, जबकि युवराज झा, अभिनव और शिवम ने 1-1 विकेट अपने नाम किए।

[news_related_post]

187 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भच्छी की टीम दबाव में नजर आई और 24 ओवर में 127 रन बनाकर सिमट गई। बल्लेबाजी में अभिनव ने 31 रन बनाए। मो. तौफीक ने 21, शुभम ने 17 और मो. कादिर ने 11 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम जीत से दूर रह गई।

झंझारपुर की जीत में सुभाष की गेंदबाजी निर्णायक साबित हुई। उन्होंने घातक स्पेल डालते हुए 6 विकेट हासिल किए। नीतीश ने 2 विकेट लिए, जबकि नीरज और आदित्य ने 1-1 विकेट चटकाकर मुकाबले पर टीम की पकड़ मजबूत की।

उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सुभाष को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्हें गोविंद राय ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *