टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ नेपाल के जुझारू प्रदर्शन ने पूरी क्रिकेट दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। कप्तान रोहित पौडेल की अगुआई में नेपाल ने आखिरी गेंद तक संघर्ष किया और महज़ 4 रन से मुकाबला गंवाया, लेकिन इस प्रदर्शन से टीम ने फैंस और दिग्गजों का दिल जीत लिया।

नेपाल के शानदार खेल से प्रभावित होकर पूर्व दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज़ डेल स्टेन ने सोशल मीडिया पर टीम की खुले दिल से सराहना की। स्टेन ने अपने आधिकारिक पोस्ट में नेपाल की निरंतर प्रगति को सराहा और ज़रूरत पड़ने पर टीम को मार्गदर्शन देने की इच्छा जताई। उनके इस संदेश को नेपाल क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए। इंग्लैंड की शुरुआत लड़खड़ाई और फिल सॉल्ट सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि जोस बटलर 26 रन ही जोड़ सके। इसके बाद जैकब बेथल (55 रन) और हैरी ब्रूक (53 रन) ने पारी को संभालते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। अंतिम ओवरों में विल जैक्स ने तेज़ 39 रन बनाकर इंग्लैंड को 180 के पार पहुंचाया।
नेपाल की ओर से दीपेंद्र सिंह ऐरी और नंदन यादव ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल ने अंत तक दबाव बनाए रखा और बेहद करीबी मुकाबले में दमदार प्रदर्शन कर क्रिकेट जगत में अपनी छाप छोड़ दी।