नूंह की दो बहनों ने नानचाकू में जीता राष्ट्रीय स्वर्ण, एशियाई चैंपियनशिप के लिए चयन

हरियाणा के नूंह जिले की दो नन्हीं बहनों ने नानचाकू खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 11 वर्षीय जिया खान और 6 वर्षीय जोया खान ने कानपुर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ दोनों का चयन एशियाई चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है।
प्रतियोगिता में देशभर से लगभग दो से ढाई हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच दोनों बहनों ने पहले जिला और फिर राज्य स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जिसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया। अब वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
[news_related_post]जिया और जोया अब तक दो दर्जन से अधिक पदक जीत चुकी हैं। वे नानचाकू के अलावा जूडो-कराटे और पेंचक सिलाट जैसी विधाओं में भी दक्ष हैं। उनके भाई आवेश खान ने भी इसी खेल में राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया है। पूरा परिवार खेल गतिविधियों से जुड़ा हुआ है और बच्चों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
बच्चियों के पिता जमील खान ने बताया कि वे गुरुग्राम के गैरतपुर बास गांव में रहते हैं और पढ़ाई के साथ नियमित अभ्यास करते हैं। वे स्वयं उन्हें प्रशिक्षण केंद्र तक लेकर जाते हैं और हर संभव सहयोग देते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी बेटियों की मेहनत और लगन पर भरोसा है और वे चाहते हैं कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतें।
स्थानीय लोगों ने भी इस सफलता पर खुशी जताई है। परिवार ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की प्रतिभा पहचानें और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करें।